Site icon Hindi Dynamite News

मनरेगा कार्यों में चार लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा अधिकारी रंगे हाथों गिरफ्तार

लोकायुक्त पुलिस ने एक अधिकारी को मनरेगा के कार्यों में रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पढिये, पूरी खबर..
Post Published By: डीएन ब्यूरो
Published:
मनरेगा कार्यों में चार लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा अधिकारी रंगे हाथों गिरफ्तार

सागर: मध्यप्रदेश के सागर की लोकायुक्त पुलिस ने निवाड़ी जिले के एक अधिकारी को दो लाख रुपयों की रिश्वत लेते हुए आज रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वर सिंह ने बताया कि निवाड़ी जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) हर्ष कुमार खरे को एक सरपंच पति से यह रिश्वत लेते हुए निवाड़ी में उसके सरकारी आवास से गिरफ्तार किया गया।

आरोपी अधिकारी टेहरका ग्राम पंचायत के सरपंच द्वारा मनरेगा योजना के तहत पिछले कराए गए कार्यों के भुगतान और एक जांच के निपटारे के लिए चार लाख रुपयों की रिश्वत मांग रहा था। इसी क्रम में आज उसे सरपंच पति से दो लाख रुपयों की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

आरोपी के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस सागर की एक टीम ने कार्रवाई की है। आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।(वार्ता)

Exit mobile version