हिंदी
लखनऊ: राजधानी लखनऊ में अवैध कब्जों पर नगर निगम की निगाहें टेढ़ी हो गई हैं। हालांकि लखनऊ नगर निगम की ये सख्ती सीएम का चाबुक चलने और नगर विकास विभाग के अफसरों पर सीएम की नाराजगी के बाद ही देखने को मिल रहा है।
ताजा मामले में नगर आयुक्त द्वारा जिलाधिकारी के साथ ही एसएसपी को भी पत्र लिखकर पर्याप्त पुलिस बल और पीएसी की मांग की गई थी। वहीं आज शनिवार की सुबह नगर निगम दस्ता भारी पुलिस बल के साथ गुड़म्बा स्थित शंकरपुरवा पहुंचकर अभियान चलाया है और उस कब्जे को पार्षद के चंगुल से छुड़वाया है।
नगर निगम अधिकारी द्वारा बताया गया कि आज नगर निगम की टीम ने शंकरपुरवा में 24 हजार वर्ग फुट की जमीन पर हुए अवैध को हटवाया है। साथ ही उन्होंने कहा है कि सुनील यादव द्वारा 2016 से इस जमीन पर कब्जा किया गया था। जिस पर अभियान चलाकर मुक्त कराया गया लेकिन सुनील यादव बुलडोजर के आगे लेट गया था और उसके घर की महिलाओं ने छत से कूदने की धमकी भी दी थी।
साथ ही बताया गया कि इस अवैध कब्जे की शिकायत 2016 से मिल रही थी और 2017 में सुनील यादव के खिलाफ एंटी भू-माफिया के सम्बंध में मुकदमा भी दर्ज हुआ है और आज पुलिस बल और पीएसी की मदद से ये अभियान चलाया गया है।
गौरतलब है कि अभी भी शहर में बड़ी तादाद में ऐसी सरकारी संपत्तियां हैं। जिन पर हुये अवैध कब्जे को लेकर लखनऊ नगर निगम अभी नींद में ही है।
Published : 30 June 2019, 4:46 PM IST
No related posts found.