
हापुड़: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद में बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की भतीजी एलिस ने अपने पति विशाल सहित सास-ससुर और जेठ-जिठानी व नन्द सहित सात लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा पंजीकृत कराया है। कोर्ट के आदेश पर हापुड़ की नगर कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। बसपा सुप्रीमो की भतीजी की सास पुष्पा देवी हापुड़ में नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष हैं और उन्होंने बीएसपी से ही यह चुनाव लड़ा था। बता दें एलिस, मायावती के भाई नरेश कुमार की बेटी हैं।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार बसपा सुप्रीमो मायावती की भतीजी एलिस उम्र 30 वर्ष पुत्री नरेश कुमार निवासी इंद्रपुरी साउथ वेस्ट, दिल्ली की शादी 9 नवंबर 2023 को हिन्दू रीति-रिवाज से हापुड़ में नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष पुष्पा देवी के बेटे विशाल से हुई थी।
क्या-क्या हैं आरोप?
एलिस का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति विशाल, ससुर श्रीपाल सिंह, सास पुष्पा देवी व जेठ भूपेंद्र उर्फ मोनू, जिठानी निशा, ननद शिवानी व मौसा ससुर अखिलेश एकराय होकर उससे गाजियाबाद के इंद्रापुरम में एक फ्लैट और 50 लाख रूपये अतिरिक्त दहेज के रूप में मांग करने लगे।
आरोप है कि ससुराली उस पर दवाब बनाते थे कि उसकी बुआ मायावती बीएसपी की कर्ताधर्ता हैं और उन पर बहुत पैसा है। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की जाने लगी व जान से मारने की धमकी भी दी जा रही थी। पीड़िता ने अपने पति विशाल पर मसल्स बनाने के लिए स्टेरॉयड इंजैक्शन लगाने की वजह से सैक्सुअल लाइफ खराब होने के भी आरोप लगाए हैं।
Published : 10 April 2025, 4:14 PM IST
Topics : case Dowry Dynamite News Former CM husband niece UP News uttar pradesh