Maharashtra New CM: महाराष्ट्र का अगला CM कौन? मुंबई में लगेगी आखिरी मोहर

महाराष्ट्र में सीएम की कुर्सी को लेकर दिल्ली से लेकर मुंबई तक मंथन का दौर जारी है। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Updated : 29 November 2024, 9:51 AM IST
google-preferred

मुंबई: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महयुति की जीत के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर तस्वीर साफ नहीं हो पायी है। नए सीएम को लेकर अभी सस्पेंस बरकरार है। इसे लेकर चल रहे घमासान के बीच गुरुवार को दिल्ली में अमित शाह के घर पर महायुति की बैठक हुई। हालांकि इस बैठक में भी महाराष्ट्र के सीएम चेहरे से पर्दा नहीं उठा। अब सभी की नजर आज मुंबई में होने वाली बैठक पर है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी) और एनसीपी (एसपी) के महा विकास अघाड़ी गठबंधन को हराकर महायुति गठबंधन ने 288 में 235 सीटें जीती जिसमें से अकेले भाजपा ने 132 सीटों पर अपना कब्जा जमाया।

जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में सरकार गठन के मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा से उनकी अच्छी और सकारात्मक चर्चा हुई। मुंबई रवाना होने से पहले यहां संवाददाताओं से बातचीत में शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री पर फैसला राज्य की राजधानी में महायुति गठबंधन की एक अन्य बैठक में एक या दो दिन में लिया जाएगा।

शिंदे ने किया था सीएम बनने से इनकार
इससे पहले  बुधवार को ही महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना शिंदे गुट के प्रमुख एकनाथ शिंदे ने सीएम पद को लेकर चल रही चर्चाओं को विराम दे दिया था। उन्होंने कहा कि मेरे मन में सीएम बनने की लालसा नहीं है। पीएम मोदी और अमित शाह जो भी निर्णय लेंगे मुझे मंजूर होगा। सरकार बनाते समय मेरी तरफ से कोई अड़चन नहीं आएगी। मैं चट्टान की तरह साथ खड़ा हूं। भाजपा की बैठक में जो भी निर्णय लिया जाएगा, हमें मान्य होगा। भाजपा का सीएम मुझे मंजूर है।

अब महाराष्ट्र में सीएम का ताज किसे मिलेगा यह तो मुंबई की मीटिंग से ही पता चल पायेगा फिलहाल अभी तो कयासों का दौर जारी है क्योंकि राजनीति में अनुमान से कई अधिक मायने समीकरण साधने के होते हैं। 

Published : 
  • 29 November 2024, 9:51 AM IST

Advertisement
Advertisement