महराजगंज: परिवारों को बिखरने से बचाया, एसपी ने किया सम्मान, पढ़िये ये प्रेरक कहानी

महराजगंज जनपद में परिवार परामर्श केंद्र में कार्यरत संजा देवी और राम प्रकाश गुप्त ने परिवारिक विवादों के निस्तारण के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य किया है। पढ़ें डाइनामाइट न्यूज की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 22 October 2024, 12:54 PM IST
google-preferred

महराजगंज: परिवार परामर्श केंद्र में कार्यरत संजा देवी और राम प्रकाश गुप्त ने परिवारिक विवादों के निस्तारण के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य किया है। दोनों ने मिलकर 400 से अधिक (लगभग 447) परिवारों के बीच सुलह समझौते कराकर उन्हें नयी शुरुआत करने का अवसर दिया है।

इनके उल्लेखनीय योगदान के लिए पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा द्वारा मिशन शक्ति फेज़ 5 के अंतर्गत इन्हें सम्मानित किया गया है।

यह भी देखें 
संजा देवी मई 2022 से परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलर के रूप में कार्यरत हैं। इनके द्वारा पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए समर्पित रूप से कार्य किया गया है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के साथ-साथ विभिन्न थानों और चौकियों से प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया है।

संजा देवी ने केवल विवाद निस्तारण तक ही सीमित नहीं रहते हुए महिला कल्याण विभाग में जिला समन्वयक के रूप में भी उल्लेखनीय कार्य किए हैं।

उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों के साथ मिलकर समाज में जागरूकता फैलाने का महत्वपूर्ण कार्य किया। कोविड-19 महामारी के दौरान भी संजा देवी का योगदान उल्लेखनीय रहा।

उन्होंने न केवल जागरूकता अभियानों का संचालन किया बल्कि गांव-गांव जाकर कोविड किट और भोजन वितरण का कार्य भी किया।

उन बच्चों को चिन्हित करना और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलवाना, जिन्होंने कोविड के दौरान अपने माता-पिता को खो दिया था, उनके महत्वपूर्ण कार्यों में शामिल है। साथ ही, किशोरियों और महिलाओं के हित में कई कल्याणकारी योजनाओं जैसे "बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ" और मानव तस्करी से जुड़े अभियानों में भी उनका योगदान रहा।

रामप्रकाश गुप्त को भी मिला सम्मान 
रामप्रकाश गुप्त भारतीय वायु सेना से 32 वर्षों की सेवा के बाद वारंट अफसर के पद से सेवानिवृत्त होकर मई 2022 से परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलर के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अब तक सैकड़ों पारिवारिक विवादों का सुलह समझौता करवाकर समाज में शांति और स्थिरता स्थापित करने में मदद की है।

राम प्रकाश गुप्त ने अपने अनुभव और समझ का उपयोग कर समाज के विभिन्न वर्गों के बीच पारिवारिक विवादों को हल करने में प्रमुख भूमिका निभाई है। उनके कार्यों के लिए उन्हें पुलिस अधीक्षक द्वारा सम्मानित किया गया है। इन दोनों ने न केवल अपने कार्यों से परिवारों को जोड़ा, बल्कि समाज में सुलह और समझ का संदेश भी फैलाया।