
कोल्हुई (महराजगंज): दिवगंत प्रधानमंत्री अटल जी को श्रद्धांजलि देने के लिये आयोजित सभा के नाम पर रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा व्यापारियों की जबरन दुकाने बंद करने के बाद उपजे बवाल के बाद एकपक्षीय कार्यवाही करते हुए पुलिस ने दवा व्यापारी उपेन्द्र सिंह और उनके साथी और कोल्हुई के ग्राम प्रधान मनोज सिंह को बीती रात हिरासत में ले लिया था। सत्ता के दबाव में पुलिस द्वारा की गयी इस कार्यवाही से जनता में भारी रोष देखा गया। जनता के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने बीती रात ही थोड़ी देर बाद भले ही हिरासत में लिये गये व्यापारी व ग्राम प्रधान को छोड़ दिया हो, लेकिन इसके बाद भी मंगलवार सुबह को कोल्हुई क्षेत्र में शांतिपूर्ण तनाव बना हुआ है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है और जनता का आक्रोश बरकरार है।
पुलिस द्वारा की गयी एकतरफा कार्यवाही को लेकर कई तरह के सवाल उठने लगे हैं। व्यापारियों का कहना है कि जो लोग माहौल खराब करना चाहते हैं, पुलिस उनके खिलाफ कार्यवाही न करते हुए निर्दोषों पर अनावाश्यक दबाव बना रही है। बीती देर शाम दो व्यापारियों को पुलिस द्वारा हिरासत में लिये जाने से स्थानीय जनता भी काफी नाराज है। लोगों का भी कहना है कि पुलिस ने सत्ता के दबाव में आकर एकतरफा कार्यवाही की, जो पुलिस को कटघरे में खड़ा करती है।
यह भी पढ़े: महराजगंज: बीजेपी कार्यकर्ता और व्यापार मंडल सदस्य आपस में भिड़े, राजमार्ग पर लगाया जाम
इस मामले को लेकर कोल्हुई थानेदार की भूमिका पर भी लोगों द्वारा सवाल खड़े किये जा रहे है। व्यापारियों समेत जनता का कहना है कि पुलिस ने इस मामले में इस तरह कार्यवाही की जैसे कि वह कानून नहीं.. बल्कि पार्टी हाईकमान के निर्देश पर एक एजेंट बनकर काम कर रही हो।
इस मामले की शुरूआत रविवार दोपहर को कोल्हुई कस्बे में हुई। जहां श्रद्धांजलि सभा के नाम पर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जबरन व्यापारियों की दुकाने बंद कराने का प्रयास किया गया। भाजपा की यह मनमानी व्यापारियों को रास नहीं आयी और जब उन्होंने दुकानें बंद करने से मना किया तो भाजपाई मार-पीट औऱ गुंडई पर उतारु हो गये। जिसके बाद भारी तनाव की स्थिति देखी गयी।
इस मामले को लेकर व्यापारियों और भाजपाइयों ने एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाये। दोनो पक्षों ने पुलिस को अपनी-अपनी तहरीर भी दी, लेकिन पुलिस ने एकतरफा कार्यवाही करते हुए व्यापारी पक्ष को ही निशाने पर लिया। पुलिस द्वारा बीती शाम दो व्यापारियों को हिरासत में लिया गया। सोमवार देर शाम जनता के दबाव के बाद पुलिस द्वारा व्यापारियों को छोड़ा भी गया। लेकिन पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं से पूछताछ करना तक भी मुनासिब नहीं समझा। पुलिस की यही कार्यप्रणाली किसी के गले नहीं उतर रही है। लिहाजा क्षेत्र में अभी भी तनाव बना हुआ है, लोगों में आक्रोश है और पुलिस बल मौके पर मौजूद है।
Published : 21 August 2018, 12:03 PM IST
Topics : kolhui bazar clash Maharajganj अटल बिहारी वाजपेयी कोल्हुई बाजार तनाव पुलिस बवाल भाजपा कार्यकर्ता महराजगंज व्यापारी