हिंदी
महराजगंज: वन और लकड़ी तस्करों के हौसले किस कदर बुलंद होते जा रहे हैं, इसका ताजा उदाहरण सिंदुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मीपुर एकडंगा में देखने को मिला। बीती रात अज्ञात चोर और तस्कर ग्राम सभा निवासी राम औतार चौरसिया के बागीचे से आधा दर्जन सागौन के हरे भरे पेड़ काट ले गये। पीड़ित ने चिउटहां पुलिस चौकी में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई औऱ जांच की मांग की है।
पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में पीड़ित ने लिखा है कि वह बुधवार की रात निचलौल स्थित गायत्री शक्ति पीठ पर गया था। सुबह लोगों से सूचना मिली कि उसके बागीचे से सागौन के छह हरा पेड़ चोर काटकर उठा ले गये हैं।
पुरैना से चिउटहा मार्ग के बीच गोपाला नहर पुल के समीप 100 मीटर पश्चिम मुख्य सड़क के किनारे चोरों ने रात में बेखौफ होकर छह हरे सागौन पेड़ों की कटान की। पेड़ काटने की इस घटना ने बलुअही धुस पर तैनात पुलिसकर्मियों कू रात्रि गश्त पर भी सवाल खड़ा कर दिये हैं। इतना ही नहीं डायल हंड्रेड जो उक्त मार्ग पर पेट्रोलिंग करती रहती है, उसको भी पेड़ काटने की भनक तक नहीं लगी। यह भी बड़ा सवाल है।
हालांकि मामले में चिउटहा चौकी इंचार्ज दिनेश कुमार ने बताया कि पेड़ काटे जाने की तहरीर मिली है। पुलिस द्वारा छानबीन कर उचित कार्यवाही की जाएगी।
Published : 18 February 2021, 6:46 PM IST
Topics : Forest Maharajganj Wood Smuggling कार्रवाई पुलिस महराजगंज लकड़ी तस्करी वन तस्करी सागौन पेड़ सिंदुरिया थाना क्षेत्र