हिंदी
प्रयागराज: महाकुंभ का आयोजन हमेशा से ही अपने सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व के लिए जाना जाता रहा है, लेकिन इस बार महाकुंभ ने एक और कीर्तिमान स्थापित किया है। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम की उपस्थिति में, करीब 15 हजार सफाई कर्मचारियों ने 10 किलोमीटर क्षेत्र में एक साथ सफाई कर नया विश्व रिकॉर्ड बनाया है। यह आयोजन सोमवार को हुआ और इसके माध्यम से मेला प्रशासन ने अपने ही छह साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवादाता के अनुसार, इस महाकुंभ में यह साफ-सफाई का अभियान पूर्व निर्धारित चार स्थानों पर आयोजित किया गया। सेक्टर दो में हेलीपैड पार्किंग, नागवासुकि जोन के सेक्टर सात में भरद्वाज घाट, झूंसी जोन में ओल्ड जीटी एवं हरिश्चंद्र घाट, और अरैल जोन में चक्रमाधव घाट जैसे प्रमुख स्थानों पर सफाई का विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड के आब्जर्वर ऋषिनाथ भी उपस्थित रहे।
इसके साथ ही, आज यानी मंगलवार को मेला प्रशासन एक और रिकॉर्ड बनाने की योजना बना रहा है। इस दिन आठ घंटे के भीतर 10,000 लोगों के हैंडप्रिंट लिए जाएंगे, जिससे यह एक नया विश्व रिकॉर्ड बनेगा। इसके लिए विशेष कैनवास तैयार किया जाएगा, जिस पर लोगों के हैंडप्रिंट लिए जाएंगे। कुंभ 2019 में 7,500 लोगों के हैंडप्रिंट लेने का रिकॉर्ड बना था, जिसे अब तोड़ने की तैयारी की जा रही है।
महाकुंभ के स्वच्छता प्रभारी आकांक्षा राणा और महापौर गणेश केसरवानी ने बताया कि इस अभियान में कुल 15 हजार कर्मचारियों ने मिलकर कार्य किया। जिसके फलस्वरूप मौजूदा रिकॉर्ड को दोगुने सफाई कर्मियों की संख्या के साथ तोड़ा गया।
इससे पहले, 14 फरवरी को किए गए एक अन्य सफाई अभियान में महाकुंभ प्रशासन ने नदी स्वच्छता का रिकॉर्ड बनाया था। उस दिन 300 सफाई कर्मचारियों ने मिलकर नदी की सफाई का कार्य किया था। इस प्रकार, महाकुंभ 2025 में सोमवार को दो महत्वपूर्ण विश्व कीर्तिमान स्थापित हुए हैं।
Published : 25 February 2025, 10:50 AM IST
Topics : Akanksha Rana cleanliness of Mahakumbh Dynamite News Guinness Book Maha Kumbh Maha Kumbh 2025 Rishinath World Record World record of cleanliness