हिंदी
लखनऊ: देश में लगातार बढ़ रहे पेट्रोल और डीजल के दाम के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर यूपी पुलिस ने शुक्रवार को जमकर लाठियां बरसायी। विधान सभा के सामने पुलिस ने सपाइयों को दौड़ा-दौड़ाकर लाठियों से पीटा और बाद में उन्हें गिरफ्तार किया। एक कार्यकर्ता इस दौरान पिटायी से अपना पैर टूटने की बात पुलिस से गिड़गिड़ाकर कहता रहा लेकिन पुलिस ने लाठियां भांजनी बंद नहीं की।
शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के लोग पेट्रोल डीज़ल के बढ़ते दाम के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता विधानसभा के सामने ट्रैक्टर लेकर प्रदर्शन को पहुंचे। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। भारी पुलिस बल ने कार्यकर्ताओं पर जमकर लाठीचार्ज किया।
प्रदर्शन करने के लिये मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष अनीश राजा अपने कार्यकर्ताओं के साथ विधानसभा के सामने पहुंचे थे। जिन पर पुलिस ने जमकर लाठीचार्ज किया। पुलिस की इस बर्बरता से सपा कार्यकर्ताओं में भारी रोष है।
कई कार्यकर्ताओं ने पुलिस लाठीचार्ज से घायल होने की शिकायत की है। बाद में अधिकतर प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
Published : 26 June 2020, 12:37 PM IST
Topics : Police Lathicharge Samajwadi Party uttar pradesh उत्तर प्रदेश घायल पुलिस लाठीचार्ज प्रदर्शन समाजवादी पार्टी