
लखनऊ: देश की राजधानी दिल्ली में आज एक एनकाउंटर के बाद ISIS आतंकी अबू युसूफ की गिरफ्तारी की गयी। इस कुख्यात आतंकी की गिरफ्तारी के बाद से यूपी में भी हाई अलर्ट कर दिया गया है। यूपी के कई जिलों में पुलिस द्वारा सर्च अभियान चलाया जा रहा है। गिरफ्तार आतंकवादी मूल रूप से यूपी के बलरामपुर जिले का है। इस आतंकवादी को लेकर दिल्ली पुलिस शनिवार देर शाम बलरामपुर के उतरौला स्थित बध्या भैसाई उस गांव पहुंची, जहां का यह आतंकवादी रहने वाला है।
डाइनामाइट न्यूज ने आज सुबह ही सबसे पहले इस बात का खुलासा किया था कि गिरफ्तार आईएसआईएस आतंकी के तार उत्तर प्रदेश से जुड़े हुए हैं, लिहाजा यूपी में बड़े स्तर पर सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
लखनऊ में डीआइजी दीपक कुमार ने बताया कि अयोध्या की ऐतिहासिकता और वर्तमान स्थिति को देखते हुए वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। राज्य के अयोध्या, बलरामपुर, भारत-नेपाल बॉर्र सोनाली समेत कई जगहों पर पुलिस द्वारा तलाशी अभियान शुरू किया गया है। राम नगरी अयोध्या में पुलिस चप्पे-चप्पे पर नजर रखे हुए तलाशी अभियान चला रही है। अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण शुरू हो गया है। ऐसे में यहां सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। गौरतलब है कि राम मंदिर शिलान्यास के मौके पर खुद देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत दूसरी बङी हस्तियां मौजूद रही।
डीआईजी ने बताया कि ISIS आतंकी अबू युसूफ की देश की राजधानी में दिल्ली पुलिस द्वारा की गयी गिरफ्तारी के बाद यूपी पुलिस की एक टीम वहां पंहुच रही है, जो उसे पूछताछ के लिए यूपी लेकर आयेगी। आतंकी अबू युसूफ से हुई पूछताछ में हुये खुलासे के बाद राम नगरी अयोध्या मे पुलिस ने चप्पे-चप्पे पर तलाशी शुरु कर दी है।
जानकारी देते हुये डीआइजी दीपक कुमार ने बताया की अयोध्या की ऐतिहासिकता और वर्तमान स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। अयोध्या पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। दूसरी सुरक्षा एजेंसियों के साथ पुलिस पूरी तरह तालमेल बनाकर काम कर रही है।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा गिरफ्तार किये गये ISIS आतंकी अबू युसूफ के कब्जे से दो IED और हथियार बरामद किये गये हैं। वह दिल्ली में किसी बड़े हमले की योजना बना रहा था। उसका एक साथी फरार बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिये पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा छापेमारी की जा रही है।
Published : 22 August 2020, 8:51 PM IST
Topics : ISIS Terrorist Lucknow police uttar pradesh आईएसआईएस आतंकवादी उत्तर प्रदेश दिल्ली पुलिस बलरामपुर सर्च अभियान