Lok Sabha Poll: पीएम मोदी ने मेरठ से किया भाजपा के चुनावी अभियान का आगाज, विपक्ष पर बड़े हमले, जानिये संबोधन की खास बातें

डीएन ब्यूरो

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के केंद्र मेरठ से भाजपा के चुनावी अभियान का आगाज किया। इस मौके पर पीएम मोदी ने इस मौके पर कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

मेरठ में रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी
मेरठ में रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी


मेरठ: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को मेरठ से भाजपा के चुनावी अभियान का आगाज किया। इस मौके पर पीएम मोदी ने अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया और तीसरी बार सत्ता में लौटने का विश्वास दिलाया। चुनावी रैली में मोदी ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों को निशाने पर लेते हुए कहा कि आज बड़े-बड़े भ्रष्टाचारी सलाखों के पीछे है। 

डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार पीएम मोदी ने कहा कि उनका मेरठ से खास नाता रहा है। उन्होंने 2014 में भी इसी क्रांतिवीरों की धरती मेरठ से अपने चुनावी अभियान का आगाज किया था और 2019 की पहली चुनावी रैली भी मरेठ में संबोधित की थी। 

उन्होंने कहा कि 2024 में भाजपा सरकार लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी करने जा रही है। 4 चुनाव को लोकसभा के नतीजे आने पर भाजपा 400 से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज करेगी। 

पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा अगले 5 सालों का रोडमेप तैयार कर रही है और तीसरे कार्यकाल के पहले 100 दिनों के कामकाज को लेकर फैसले किये जा रहे हैं। 

उन्होंने कहा कि मेरठ की धरती क्रांति और क्रांतिवीरों की धरती है। कौन सांसद बने कौन न बने, इसका चुनाव नहीं है, इस बार का चुनाव विकसित भारत बनाने के लिए है। 2024 का जनादेश भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनाएगा।

उन्होंने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि मैं लगातार भ्रष्टाचार के खिलाफ काम कर रहा हूं। इसलिए कुछ लोग अपना आपा खो बैठे हैं। मैं कहता हूं कि मोदी की गारंटी कहती है कि भ्रष्टाचार हटाओ, वो कहते हैं भ्रष्टाचारी बचाओ, ये चुनाव दो खेमों की लड़ाई है। एनडीए भ्रष्टाचार हटाने के लिए मैदान में है। दूसरा इंडिया ब्लॉक भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए मैदान में है।

पीएम मोदी ने कहा कि मेरा भारत मेरा परिवार है। मैं भ्रष्टाचारियों के खिलाफ बहुत बड़ी लड़ाई लड़ रहा हूं। इसलिए बड़े-बड़े भ्रष्टाचारी आज सलाखों के पीछे हैं। सुप्रीम कोर्ट से भी जमानत नहीं मिल रही है। इसलिए इन भ्रष्टाचारियों को कोर्ट के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

पीएम ने कहा कि मैं ऐसे लोगों पर सिर्फ कार्रवाई ही नहीं कर रहा, बल्कि इन बेईमानों ने जिसका धन लूटा है, उस धन को मैं लौटा भी रहा हूं। पीएम ने कहा कि मैं भ्रष्टाचारियों से कह रहा हूं कि मोदी पर चाहे कितने भी हमले करें। मोदी झुकने वाला नहीं है।  भ्रष्टाचारी कितना ही बड़ा क्यों न हो, एक्शन जरूर होगा। जिसने देश को लूटा है, उसे लौटाना ही होगा।










संबंधित समाचार