‘हाथ’ थामते ही ‘शॉटगन’ की राजनीतिक फायरिंग.. बोले- भाजपा वन मैन शो, टू मैन आर्मी

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 39वें स्थापना दिवस पर पार्टी के कद्दावर नेता शत्रुघ्न सिन्हा शनिवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। कांग्रेस में शामिल होने के बाद शत्रुघ्‍न सिन्‍हा ने कहा, भारी मन से भाजपा छोड़ रहा हूं। लेकिन मैं बीजेपी क्यों छोड़ रहा हूं यह सबको पता है।

Updated : 6 April 2019, 3:11 PM IST
google-preferred

नई दिल्‍ली: बॉलीवुड में 'शॉटगन' के नाम से मशहूर बीजेपी के बागी और बिहार के पटना साहिब से सांसद शत्रुघ्न सिन्हा आज कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। वह भाजपा नेतृत्‍व से काफी लंबे समय से खफा चल रहे थे। इस दौरान कांग्रेस की ओर से पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला, बिहार कांग्रेस के प्रभारी शक्तिसिंह गोहिल, पार्टी के वरिष्ठ नेता के सी वेणुगोपाल मौजूद रहे।

फिल्‍मों में सबको 'खामोश' कर देने वाले शत्रुघ्‍न सिन्‍हा ने कहा मैं बेहद भारी मन से भाजपा छोड़ रहा हूं। लेकिन मैं बीजेपी क्यों छोड़ रहा हूं यह सबको पता है। उन्‍होंने नरेंद्र मोदी, अमित शाह पर हमला करते हुए कहा कि बीजेपी में लोकशाही को धीरे-धीरे तानाशाही में परिवर्तित हो रही है। भाजपा के वर्तमान नेतृत्व ने यशवंत सिन्हा, मुरली मनोहर जोशी, अरुण शौरी जैसे कद्दावर शख्सियतों को किनारे कर दिया। 

इस मौके पर छैनू का किरदार जीवंत करने वाले शत्रुघ्‍न ने अपने दिल में दबे दर्द को बयां करते हुए कहा, आखिर भाजपा सरकार में उन्हें मंत्री क्यों नहीं बनाया गया। क्या उनके अंदर काबिलियत नहीं थी या फिर उनके अंदर क्या कमी थी। भाजपा में वर्तमान दौर तानाशाही का है। साथ ही यह वन मैन शो और टू मैन आर्मी की सरकार है। शत्रुघ्न सिन्हा ने इस मौके पर अपनी राजनीतिक जीवन यात्रा में शामिल सभी लोगों को शुभकामनाएं दी।

इस दौरान पार्टी नेता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि बेबाक राय रखने वाले शत्रुघ्न सिन्हा गलत पार्टी में थे। केसी वेणुगोपाल ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि शत्रुघ्न सिन्हा कांग्रेस की विचारधारा को आगे बढ़ाने में मददगार साबित होंगे।

गौरतलब है कि शत्रुघ्न सिन्हा ने कांग्रेस में आने का एलान पहले ही कर दिया था। उन्होंने पिछले महीने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से भी मुलाकात की थी।

Published : 
  • 6 April 2019, 3:11 PM IST

Related News

No related posts found.

No related posts found.