G-20 Summit Delhi: जी-20 समिट के दौरान सभी लाइनों पर दिल्ली मेट्रो के संचालन को लेकर जानिये पूरा अपडेट

डीएन ब्यूरो

जी20 शिखर सम्मेलन को देखते हुए आठ से 10 सितंबर तक दिल्ली मेट्रो की सभी लाइन पर टर्मिनल स्टेशन से ट्रेन सेवाएं सुबह चार बजे शुरू होंगी। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

दिल्ली मेट्रो 4 बजे सुबह से होगी शुरू
दिल्ली मेट्रो 4 बजे सुबह से होगी शुरू


नयी दिल्ली: जी20 शिखर सम्मेलन को देखते हुए आठ से 10 सितंबर तक दिल्ली मेट्रो की सभी लाइन पर टर्मिनल स्टेशन से ट्रेन सेवाएं सुबह चार बजे शुरू होंगी। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने बताया कि उच्चतम न्यायालय, पटेल चौक और आरके आश्रम मार्ग मेट्रो स्टेशन पर पार्किंग की सुविधा आठ सितंबर सुबह चार बजे से 11 सितंबर दोपहर तक बंद रहेगी।

उन्होंने कहा कि जी20 शिखर सम्मेलन के आयोजन से जुड़े अधिकारियों के साथ ही सुरक्षा, कानून और व्यवस्था, यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात कर्मियों एवं अन्य सहायक एजेंसियों के कर्मचारियों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए ट्रेन सेवा सुबह शुरू करने का फैसला किया गया है।

यह विशाल कार्यक्रम नौ से 10 सितंबर तक प्रगति मैदान में नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन और प्रदर्शनी केंद्र ‘भारत मंडपम’ में आयोजित होगा।

डीएमआरसी ने एक बयान में कहा कि दिल्ली मेट्रो की सभी लाइन पर ट्रेन सेवाएं तीन दिन यानी आठ, नौ और 10 सितंबर को टर्मिनल स्टेशन से सुबह चार बजे शुरू होंगी।

उन्होंने बताया कि सुबह छह बजे तक सभी लाइन पर 30 मिनट के अंतराल पर ट्रेन चलेंगी और इसके बाद सामान्य दिनों की समय ट्रेन चलेंगी।

इस संबंध में दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा की ओर से डीएमआरसी को पत्र लिखा गया था। इस पत्र में आयुक्त अरोड़ा ने डीएमआसी से आठ से 10 सितंबर तक सुबह चार बजे से ट्रेन सेवाएं शुरू करने का अनुरोध किया था ताकि सुरक्षाकर्मी समय पर अपनी ड्यूटी पर पहुंच सकें।

पत्र के अनुसार, कर्मचारियों को जी20 आयोजन स्थलों पर सुबह पांच बजे पहुंचने को कहा गया है।

इसमें कहा गया, ‘‘जैसा कि हम सभी जानते हैं कि दिल्ली नौ और 10 सितंबर को प्रतिष्ठित जी20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रही है। इसके लिए दिल्ली पुलिस ने विभिन्न विभागों के समन्वय से विस्तृत सुरक्षा, कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था की है। इसके लिए लगभग 40 हजार जवानों की तैनाती की जाएगी जो सात सितंबर से तैनात होंगे।’’

पत्र में कहा गया कि जी20 आयोजन स्थलों- अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी सह सम्मेलन केंद्र (आईईसीसी) और राजघाट पर कार्यक्रमों को देखते हुए कर्मचारियों के पहुंचने का समय सुबह पांच बजे निर्धारित किया गया है।

इसमें कहा गया कि विभिन्न क्षेत्रों में यातायात प्रतिबंधों को देखते हुए अगर आठ से 10 सितंबर तक मेट्रो सेवाएं सुबह चार बजे शुरू कर दी जाए तो पुलिस और अन्य सहायक कर्मचारियों को काफी सुविधा होगी।










संबंधित समाचार