हिंदी
चंडीगढ़: पंजाब के फिरोजपुर में आयोजित होने वाले आगामी पतंगबाजी उत्सव का विषय पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और लैंगिक समानता है। पतंगबाजी की यह प्रतियोगिता इस तरह की पहली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
फिरोजपुर के उपायुक्त (DC) राजेश धीमान ने कहा कि 10-11 फरवरी तक आयोजित होने वाले ‘बसंत पंचमी पतंग महोत्सव-2024’ में 5,000 से अधिक पतंग प्रेमियों के भाग लेने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें: ठंड से ठिठुरा पंजाब और हरियाणा, जानिए कितना रहा तापमान
धीमान ने कहा, ‘‘यह पहली बार है कि राज्य स्तर पर पतंगबाजी प्रतियोगिता आयोजित होने जा रही है। पतंग उत्सव का विषय पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और लैंगिक समानता होगा।’’
यह भी पढ़ें: महराजगंज के आसमान ने अचानक बदला रंग, पुष्पा की पतंगों के लिए मची होड़
धीमान ने कहा कि पुरुष और महिला वर्ग में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए पुरस्कार राशि एक लाख रुपये होगी। इसके बाद 10 से 18 वर्ष के आयु वर्ग - लड़के और लड़कियों - के लिए पुरस्कार राशि 25,000 रुपये होगी।
उन्होंने बताया कि पतंगबाजी प्रतियोगिता में अनिवासी भारतीय भी भाग ले सकते हैं और इस श्रेणी में विजेता को 51,000 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
डीसी ने कहा कि ‘दिव्यांगजन’ प्रतिभागियों के लिए भी एक श्रेणी होगी।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार धीमान ने खुलासा किया कि ‘सबसे बड़ा पतंगबाज’ प्रतियोगिता पतंग उड़ाने की चुनौती का मुख्य आकर्षण होने जा रही है जिसमें प्रतियोगिता जीतने वाले व्यक्ति को दो लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
प्रतियोगिता में चीनी या नायलॉन मांझे (डोर) के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध है इसलिए पतंग के शौकीनों को सूती धागे का उपयोग करना होगा जिसे 'भारतीय मांझा’ के रूप में जाना जाता है।
फिरोजपुर के शहीद भगत सिंह राज्य विश्वविद्यालय में होने वाली प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए इच्छुक प्रतिभागियों को पहले अपना ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा।
Published : 4 February 2024, 11:18 AM IST
Topics : Competition Environment Protection gender equality Kite Punjab पंजाब पतंगबाजी पर्यावरण संरक्षण प्रतियोगिता लैंगिक समानता