हिंदी
पंचकूला: रविवार सुबह पंचकूला के पिंजौर टिपरा बाईपास पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें चार युवकों की जान चली गई। यह हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार कार सड़क के किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान अध्यन बंसल, अदीप, चिराग मलिक और वैभव यादव के रूप में हुई है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवादाता के अनुसार, यह घटना रविवार सुबह लगभग 5 बजे की है, जब कार सवार युवक हिमाचल की ओर से आ रहे थे। इसी दौरान पिंजौर टिपरा बाईपास से गुजरते वक्त अचानक कार तेज गति से नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और दो शव कार के अंदर बुरी तरह से फंस गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और लोगो की मदद से शवों को बाहर निकाला गया। शवों को निकालने में काफी समय लगा क्योंकि शव कार के अंदर बुरी तरह फंसे हुए थे। एंबुलेंस और पुलिस की टीम ने कड़ी मेहनत के बाद शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सड़क हादसे के बाद घटनास्थल पर हृदयविदारक दृश्य था। कार का मलबा बिखरा हुआ था। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया है।
हादसे के कारणों की जांच की जा रही है, और पुलिस इस मामले की पूरी छानबीन कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह माना जा रहा है कि तेज रफ्तार ही हादसे का मुख्य कारण था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके।
Published : 23 February 2025, 9:53 AM IST
Topics : Adhyayan Bansal Dynamite News Haryana Himachal Panchkula Pinjore Tipra bypass Road Accident Vaibhav Yadav