हिंदी
रायबरेली: रायबरेली में लखनऊ प्रयागराज मार्ग पर आज सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां मौनी अमावस्या स्नान के लिये जा रहे परिवार के एक महिला समेत चार सदस्यों की मौत हो गई। वहीं दो अन्य घायल हैं जिनका इलाज चल रहा है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवादाता के अनुसार मामला भदोखर थाना इलाके में लखनऊ प्रयागराज मार्ग पर मुंशीगंज बाईपास के पास का है। यहां लखनऊ के तेलीबाग़ निवासी परिवार बोलेरो पर सवार होकर कल होने वाले मौनी अमावस्या स्नान के लिये महाकुम्भ जा रहा था। तभी तड़के यहां के मुंशीगंज में कान्हा ढाबा के पास इनका वाहन ट्रैक्टर से भिड़ गया।
भिड़ंत में बोलेरो के परखच्चे उड़ गये जबकि ट्रैक्टर सवार मौके से फरार हो गया। चीख पुकार सुनकर स्थानीय लोगों ने बचाव और राहत कार्य शुरू कर दिया। तभी पुलिस मौके पर पहुंची जहाँ बोलेरो में सवार कुल छह लोगों को अस्पताल पहुँचाया।
हादसे में चार लोगों की मौत
डॉक्टरों के मुताबिक इनमें से तीन को मृत लाया गया था। तीन अन्य घायलों में से एक और महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं एक बालक समेत दो का गंभीर अवस्था में इलाज जारी है। हादसे में कुल चार लोगों की मौत की सूचना पाकर परिजन लखनऊ से रायबरेली के लिये रवाना हो गये हैं।
सिद्धार्थ कुमार अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने बताया कि आज सुबह एक एक्सीडेंट हुआ है। जिसमें टाटा क्वालिस गाड़ी में सवार आठ सवार लोग थे। जो लखनऊ से प्रयाग की तरफ जा रहे थे। इसमें चार लोग के डेथ हुई है। एक इसमें घायल है। जिसे एम्स उपचार के लिए भेजा गया है। हमारी टीम मौके पर है। डॉक्टरों से कोऑर्डिनेशन चल रहा है।
क्षेत्राधिकारी सदर अमित सिंह ने बताया कि यह सड़क दुर्घटना सुबह 6:30 बजे थाना भदोखर क्षेत्र के अंतर्गत कान्हा ढाबा मुंशीगंज के पास हुई थी। जिसमें टोयोटा क्वालिस कार संख्या यूपी 33 सी 7007 की ट्रैक्टर ट्राली के बीच टक्कर हो गई थी। इस हादसे में रजनी देवी पत्नी लाल सिंह उम्र 70 वर्ष, हर्षित द्विवेदी पुत्र अशोक द्विवेदी उम्र 42 वर्ष, दीपेंद्र पुत्र जसवंत रावत उम्र 40 वर्ष, माया पत्नी विजय उम्र 45 वर्ष निवासी ब्लदु बिहार दुर्गा मंदिर तेलीबाग लखनऊ की मौत हो गई।
गाड़ी में अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में शुभम पुत्र जुगल किशोर उम्र 28 वर्ष, ललित नेगी पत्नी भूमन नेगी उम्र 47 वर्ष, कविता रावत पत्नी दीपेंद्र रावत उम्र 40 वर्ष, रजनी देवी पत्नी देवेंद्र उम्र 50 वर्ष,अनुज कुमार त्रिपाठी पुत्र कृपा दयाल उम्र 30 वर्ष निवासी बल्दू बिहार दुर्गा मंदिर तेलीबाग घायल हुए। जिनका उपचार चल रहा है ।दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Published : 28 January 2025, 10:45 AM IST
Topics : Bhadokhar police station Dynamite News Lucknow Prayagraj road Mahakumbh 2025 Mauni Amavasya Raebareli Road Accident tractor driver fled