हिंदी
बलिया: समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री नारद राय ने सोमवार को समाजवादी पार्टी से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा देने के बाद उन्होंने जय श्रीराम के नारे लगाये। बताया जाता है कि वे जल्द भाजपा में शामिल हो सकते।
जानकारी के मुताबिक पूर्व मंत्री नारद राय ने बलिया संसदीय क्षेत्र से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी सनातन पांडेय के समर्थन में कटरिया गांव में आयोजित जनसभा में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा कथित तौर पर उनको अपमानित किए जाने के बाद समर्थकों के साथ बैठक करने के बाद सपा से इस्तीफा देने का फैसला लिया।
मीडिया से बातचीत में नारद राय ने कहा कि समाजवादी पार्टी से हमारा अब कोई रिश्ता नहीं है। किसी भी व्यक्ति ने मिलकर खेद प्रकट करना मुनासिब नहीं समझा। यहां तक कि उम्मीदवार सनातन पांडेय ने भी खेद प्रकट नहीं किया।
एक सवाल पर उन्होंने कहा कि शिवपाल सिंह यादव अगर सुबह फोन किए होते और कहे होते कि तुम्हारे साथ अन्याय हुआ है। मैं तुम्हारे साथ हूँ तो शायद मैं यह फैसला नहीं लेता।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार राय ने कहा समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष और फेफना विधायक संग्राम सिंह यादव और उम्मीदवार सनातन पांडेय ने साजिश के तहत अपमानित कराने काम किया। नारद राय ने कहा कि समाजवादी पार्टी छोड़ने का बहुत दु:ख है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी में मैं साल से काम कर रहा हूं, उसका राष्ट्रीय अध्यक्ष नाम भूल जाए। इसी से अंदाजा लगा सकते है।
सूत्रों की माने तो बुधवार को अमित शाह की जनसभा में हजारों समर्थकों के साथ वे बीजेपी का दामन थाम सकते हैं।
Published : 28 May 2024, 11:38 AM IST
Topics : Ballia Former minister Narad Rai resign Samajwadi Party इस्तीफा नारद राय पूर्व मंत्री समाजवादी पार्टी