Kisan Andolan: करनाल में किसानों पर पुलिस लाठीचार्ज, दागे आंसू गैस के गोले, CM की महापंचायत का हो रहा था विरोध

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा करनाल में बुलाई गयी किसान महापंचायत के दौरान पुलिस द्वारा महपंचायत का विरोध करने वाले किसानों पर लाठीटार्ज किया गया। पूरी रिपोर्ट

Updated : 10 January 2021, 1:50 PM IST
google-preferred

नई दिल्ली: हरियाणा के करनाल में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा बुलायी गयी किसान महापंचायत के दौरान कुछ किसानों पर लाठीचार्ज किया गया। ये किसान सीएम के महापंचायत का विरोध कर रहे थे। पुलिस ने इन किसानों पर लाठीचार्ज के अलावा आंसूगैस के गोले दागे और वाटर कैनन का भी इस्तेमाल किया। किसान लगातार सीएम के इस महापंचायत के विरोध में नारेबाजी कर रहे हैं।

केंद्र सरकार के नए कृषि कानूनों की जानकारी देने के लिए सीएम खट्टर ने प्रदेश के हर जिले में किसान महापंचायत करने का ऐलान किया था। सीएम की पहली महापंचायत करनाल के गांव कैमला में होनी थी। इसी कार्यक्रम का किसान संगठन विरोध कर रहे थे। काले झंडे के साथ नारेबाजी और प्रदर्शन करते हुए किसान कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ रहे थे। किसानों को पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किया गया लेकिन किसान नहीं  माने, जिसके बाद विरोध कर रहे किसानों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। 

किसानों पर लाठीचार्ज की घटना के बाद कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर पर हमला बोला है। सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा है कि यह कैसी किसान महापंचायत, जिसमें जाने से किसानों को ही रोका जा रहा है। किसान महापंचायत में जाने की कोशिश कर रहे किसानों को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किए जाने का वीडियो ट्वीट करते हुए सुरजेवाला ने कहा है कि यही हाल रहा तो बिना सेक्यूरिटी के आपका घर से निकलना नामुमकिन हो जाएगा खट्टर साहब।

 

सुरजेवाला ने इससे पहले एक अन्य ट्वीट में भी सीएम खट्टर पर हमला बोलते हुए लिखा- करनाल के कैमला गाँव में किसान महापंचायत का ढोंग बंद कीजिए। अन्नदाताओं की संवेदनाओं एवं भावनाओं से खिलवाड़ करके क़ानून व्यवस्था बिगाड़ने की साज़िश बंद करिए। संवाद ही करना है तो पिछले 46 दिनों से सीमाओं पर धरना दे रहे अन्नदाता से कीजिए।

Published : 
  • 10 January 2021, 1:50 PM IST

Related News

No related posts found.