
नई दिल्ली: द्वारका जिला पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मार्च में 15 लोगों को पकड़ा है। इनमें दो आरोपित बांग्लादेश के हैं। इन सभी को डिटेंशन सेंटर भेजा गया है। अब इन्हें देश से निर्वासित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार पुलिस अधिकारी ने बताया कि अवैध प्रवासियों पर नकेल कसने के लिए जिले के सभी थाना अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। पुलिस कर्मी इलाके में छापेमारी कर बिना वैध वीजा के द्वारका में रह रहे विदेशी नागरिकों को पकड़ रहे हैं। इसी कड़ी में जिला पुलिस ने 15 विदेशी नागरिकों को पकड़ा है।
पकड़े गए आरोपियों में ये सब शामिल
इनमें 12 नाइजीरिया, दो बांग्लादेश और एक आइवरी कोस्ट से हैं। बिना वैध वीजा के साथ ही कुछ ने पासपोर्ट भी उपलब्ध नहीं कराए। पकड़े गए आरोपितों में बांग्लादेश के मो. सुजोन मिया और फारूक उमर, नाइजीरिया के अक्साद मोहनमंद इयाक्से, ओन्येनकेची उकाएग्बु, चिबुइके अकपोफे आदि शामिल हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि एंटी-नारकोटिक्स सेल ने 11, मोहन गार्डन थाना पुलिस ने तीन और उत्तम नगर थाना पुलिस ने एक विदेशी नागरिक को पकड़ा। जांच में पाया गया कि ये सभी बिना वैध दस्तावेजों के भारत में रह रहे थे।
पकड़े गए विदेशी नागरिकों को विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) के समक्ष पेश किया गया। एफआरआरओ से निर्वासन का आदेश मिलने के बाद उन्हें डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिक देश के संसाधनों का दुरुपयोग करते हैं और कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन सकते हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपने आसपास संदिग्ध गतिविधियों में शामिल या अवैध प्रवासियों की जानकारी पुलिस को दें।
Published : 14 April 2025, 5:24 PM IST
Topics : action Bangladeshi nationals Delhi News Delhi Police Detention Center Dynamite News foreign nationals