हिंदी
नई दिल्ली: दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भोजपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह घने कोहरे के कारण एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। हादसे में करीब 25 से अधिक वाहन आपस में टकरा गए, जिसके कारण कई लोग घायल हो गए। घायलों को त्वरित उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इस हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवादाता के अनुसार घने कोहरे के चलते वाहनों की विजिबिलिटी बेहद कम हो गई थी, जिसके कारण वाहन एक-दूसरे से टकरा गए। हादसे में शामिल वाहनों में कारें, ट्रक और अन्य बड़े वाहन शामिल हैं। दुर्घटना के बाद पुलिस और बचाव टीम मौके पर पहुंच गई हैं और घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजने का कार्य जारी है। एक्सप्रेसवे पर वाहनों के बीच टक्कर के कारण कई किलोमीटर तक ट्रैफिक की स्थिति बिगड़ गई है, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना के कारण अभी तक किसी की जान जाने की जानकारी नहीं है, लेकिन कई लोग घायल हुए हैं और उनका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया है और धीरे-धीरे यातायात को बहाल किया जा रहा है।
Published : 29 January 2025, 10:06 AM IST
Topics : 25 vehicles collided Bhojpur police station area Delhi Meerut Expressway Dynamite News injured have been admitted Major Accident ROAD ACCIDENT IN GHAZIABAD