Crime in Delhi: गोविंदपुरी के ‘हुक्का बार’ में नाबालिग की गोली मारकर हत्या, जानें पूरा मामला

दक्षिणपूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में एक ‘हुक्का बार’ में शनिवार को एक लड़के की गोली मारकर कथित तौर पर हत्या कर दी गयी तथा एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पढ़िये पूरी खबर डाइनामाइट न्यूज़ पर

Updated : 7 May 2023, 2:46 PM IST
google-preferred

नयी दिल्ली: दक्षिणपूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में एक ‘हुक्का बार’ में शनिवार को एक लड़के की गोली मारकर कथित तौर पर हत्या कर दी गयी तथा एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में अपराह्न सवा तीन बजे कालकाजी पुलिस थाने में फोन आया।

उसने बताया कि पुलिस गोविंदपुरी एक्सटेंशन में घटनास्थल पर पहुंची जहां एक इमारत की पहली मंजिल पर गुपचुप तरीके से एक हुक्का बार चलाया जा रहा था।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पूर्व) राजेश देव ने डाइनामाइट न्यूज़ को बताया कि घटनास्थल पर पहुंचने पर पुलिस ने फर्श पर खून देखा।

देव ने बताया कि मृतक की पहचान कुणाल (17) के रूप में की गयी है और उसके सिर पर गोली लगने का घाव था तथा उसे एम्स ट्रामा सेंटर ले जाया गया।

उन्होंने बताया कि जब पुलिस अस्पताल पहुंची तो उसे पता चला कि कुणाल को मृत घोषित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि राहुल नाम के व्यक्ति को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया और उसके पैर में घाव है।

पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला कि हुक्का बार में जन्मदिन पार्टी का आयोजन किया गया था और इसमें शामिल हुए ज्यादातर लोग नाबालिग थे।

पुलिस ने बताया कि एक नाबालिग संदिग्ध की पहचान की गयी है। मामले की जांच की जा रही है।

Published : 
  • 7 May 2023, 2:46 PM IST

Advertisement
Advertisement