
नई दिल्लीः कांग्रेस कार्यकारिणी समिति के सदस्य एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री आनंद शर्मा ने शुक्रवार को लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस का घोषणा पत्र तैयार करने के वास्ते विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं नागरिक समाज के सदस्यों, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई तथा कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं से चर्चा कर सुझाव प्राप्त किए।
ये वरिष्ठ नेता बैठक में हुए शामिल
बैठक में कांग्रेस के विधायकों, पूर्व विधायकों, अग्रिम संगठनों के पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा समाज के विभिन्न वर्गों से आए प्रतिनिधियों ने बैठक में अपने-अपने सुझाव प्रदान किये जिन पर सभी ने चर्चा की। डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के महासचिव एवं प्रवक्ता स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि बैठक में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी भी शामिल हुए।
यह भी पढ़ें- अयोध्या जाएंगे हरभजन सिंह? AAP सांसद ने पार्टी लाइन से हटकर कही ये बात; मचा हंगामा
इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा गठित कांग्रेस घोषणा पत्र समिति के सदस्य आनंद शर्मा ने कहा कि समाज के सभी वर्गों के साथ युवा, महिला, नागरिक समाज के सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव रखे हैं जिन्हें कांग्रेस पार्टी द्वारा घोषणा पत्र बनाते समय गंभीरता के साथ विचार कर शामिल किया जाएगा।
केंद्र पर साधा निशाना
शर्मा ने कहा कि राजस्थान और हरियाणा से बड़ी संख्या में युवा सेना में जाते हैं तथा अग्निवीर योजना के माध्यम से अस्थायी नौकरी देने का विरोध पूरे देश में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न विषयों पर राजस्थान से महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा धुआंधार प्रचार एवं मिथ्या विषयों के आधार पर वास्तविक मुद्दों को दबाया जा रहा है जिससे देश का भला होना संभव नहीं है।
Published : 20 January 2024, 11:29 AM IST
Topics : Congress Congress manifesto Lok Sabha Poll manifesto Rahul Gandhi कांग्रेस घोषणा पत्र राहुल गांधी लोकसभा चुनाव लोकसभा चुनाव 2024