सहारनपुर: शोभा यात्रा निकालने को लेकर दो पक्षों में पथराव, स्थिति तनावपूर्ण

सहारनपुर में गुरुवार को अम्बेडकर शोभा यात्रा पर दूसरे समुदाय के लोगों ने पथराव कर दिया। इससे शहर में दहशत फैल गई और सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बन गई है।

Updated : 20 April 2017, 4:53 PM IST
google-preferred

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में अंबेडकर जयंती पर शोभा यात्रा निकाले जाने के दौरान दो पक्षों में जमकर पथराव हुआ है। पथराव के बाद मौके पर पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं और हिन्दू संगठनों के लोगों ने जमकर तोडफ़ोड़ और आगजनी की है। हालात इतने बेकाबू हुए कि अधिकारियों और पत्रकारों को भी बख्शा नहीं गया। कई पत्रकारों के कैमरे और मोबाईल भी लूट लिए गए। पुलिस हालात को काबू करने की बजाए मूक दर्शक बनी रही। घटना में अभी तक 4 पुलिस कर्मियों और सांसद समेत एक दर्जन लोग घायल हुए हैं।

सहारनपुर के थाना जनकपुरी के गांव सड़क दूधली में अंबेडकर जयंती पर शोभायात्रा निकालने का विवाद पुराना है। आज फिर जब शोभायात्रा निकालने की तैयारी की जा रही थी तो दूसरे पक्ष के लोगों ने इसका विरोध करना शुरु कर दिया। मौके पर सहारनपुर से बीजेपी सांसद राघव लखनपाल पहुंचे और यात्रा निकालने पर अड़ गए। शोभायात्रा शुरु होने के बाद दूसरे पक्ष ने पथराव शुरु कर दिया जिसमें सांसद घायल हो गए। 

इसके बाद मौके पर बीजेपी कार्यकर्ता और हिन्दू संगठनों से जुड़े लोग बेकाबू हो गए। दुकानों और मकानों पर पथराव करते हुए लोगों ने तोडफ़ोड़ शुरु कर दी। एसएसपी लव कुमार के साथ हाथापाई की गई और कमिश्नर एमपी अग्रवाल की गाड़ी में भी तोडफ़ोड़ की गई। 

कमिश्नर एमपी अग्रवाल मौके पर पहुंचे तो उनकी गाड़ी पर भी पथराव किया गया, जिस कारण उनकी गाड़ी के शीशे टूट गए। हाइवे पर पथराव, आगजनी की घटना होने से सहारनपुर से रुड़की व देहरादून जा रहे वाहन शहर के चौराहे पर ही रोक दिया। सड़क दूधली में हिंसा की सूचना ने इस कदर जोर पकड़ा कि शहर के मुख्य बाजारोंं में एकाएक सन्नाटा पसर गया है। अभी मौके पर स्थिति तनाव पूर्ण है। डीआईजी जे के शाही ने पूरे जिले में हाई अलर्ट घोषित करते हुए आसपास के जनपदों से पुलिस बल मंगवाया है। 
 

No related posts found.