हिंदी
फतेहपुर: जनपद के जहानाबाद के पोजेपुर कोड़ा में दबंगों का दुस्साहस इतना बढ़ गया है कि स्थानीय लोग अपने हक के लिए परेशान हो गए हैं। ताजा मामला पीड़ित आशुतोष गुप्ता से जुड़ा है, जिसने पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल से न्याय की गुहार लगाई है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, आशुतोष गुप्ता ने बताया कि जयकरण सिंह नाम के व्यक्ति ने उनकी दुकान किराए पर ली थी, लेकिन कुछ समय बाद उसने दुकान के साथ-साथ उसके पीछे की करोड़ों की जमीन पर भी कब्जा कर लिया। जब आशुतोष ने इसका विरोध किया तो जयकरण के बेटे शिवम सिंह ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
आशुतोष गुप्ता के मुताबिक उन्होंने इस मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस से की थी, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय पुलिस की लापरवाही और दबंगों के प्रभाव के चलते उनका दुस्साहस और भी बढ़ गया है, जिससे इलाके में डर और भय का माहौल बना हुआ है।
पीड़ित ने बताया कि बार-बार पुलिस के पास जाने के बावजूद उसे न्याय नहीं मिल रहा है। वह चाहते हैं कि मामले की गहनता से जांच की जाए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक धवल जायसवाल ने कहा कि पुलिस मामले की गहनता से जांच करेगी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पीड़ित को भरोसा दिलाया कि उसे न्याय मिलेगा। इस मामले ने फतेहपुर जिले में दबंगों के बढ़ते हौसले और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।
Published : 29 March 2025, 3:12 PM IST
Topics : Ashutosh Gupta crime news Fatehpur Police Jahanabad Pojepur Koda Police Dhawal Jaiswal UP News