हिंदी
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जहां किराए के एक कमरे में यूपी पुलिस की एक महिला और पुरुष कांस्टेबल के शव संदिग्ध हालत में पाए गए।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक यह घटना प्रयागराज के शाहगंज थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास स्थित मिनहाजपुर मोहल्ले की है। जहां पुरुष कांस्टेबल का शव फंदे पर लटका हुआ पाया गया, जबकि महिला कांस्टेबल की लाश बेड पर उसी कमरे में पड़ी मिली।
दोनों कांस्टेबल के शव मिलने से ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि पुरुष कांस्टेबल ने पहले गला दबाकर महिला कांस्टेबल की हत्या की और उसके बाद खुद भी फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।
जानकारी के मुताबिक दोनों पुलिसकर्मी पहले एक ही दफ्तर में तैनात थे और दोनों में गहरी दोस्ती भी थी।
कानपुर की रहने वाली एक महिला कांस्टेबल प्रिया तिवारी मिनहाजपुर इलाके के एक लॉज में किराए के मकान में पिछले काफी दिनों से रह रही थी। इन दिनों वह टूरिस्ट थाने में तैनात थी।
इससे पहले वह एसीपी दफ्तर में पोस्टेड थी, जहां पुलिस कांस्टेबल राजेश से उसकी दोस्ती हुई थी। 2019 बैच का राजेश यूपी के मथुरा जिले का रहने वाला था। राजेश इन दिनों भी एसीपी दफ्तर में पेशी कराने की ही ड्यूटी पर था।
पुलिस कमिश्नर रमित शर्मा के मुताबिक दोनों कांस्टेबल के शव संदिग्ध हालत में प्रिया के किराए के कमरे में मिले हैं।
पुलिस कमिश्नर के मुताबिक राजेश के बारे में कहा जा सकता है कि उसने खुदकुशी की है, लेकिन प्रिया की मौत कैसे हुई, इसके बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है।
पुलिस कमिश्नर के मुताबिक प्रिया की मौत को लेकर दो बातें सामने आ रही है। पहली यह कि उसने भी खुदकुशी की है और दूसरी यह कि पुरुष कांस्टेबल राजेश ने उसकी हत्या की और बाद में उसने खुद भी फंदे पर लटक कर अपनी जान दे दी।
परिवार वालों की शिकायत के आधार पर पुलिस द्वारा केस दर्ज किया जाएगा।
Published : 17 April 2024, 10:34 AM IST
Topics : Bodies constable Prayagraj suspicious uttarpradesh उत्तर प्रदेश कांस्टेबल प्रयागराज शव सनसनी