हिंदी
पणजी: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा एक अलग तरह की पार्टी है और यही वजह है कि पार्टी ने बार-बार वोटरों का विश्वास जीता है। उन्होंने भाजपा को कांग्रेस द्वारा की गई गलतियों को दोहराने को लेकर आगाह किया। गडकरी ने कहा कि भाजपा को वो गलतियां नहीं करनी हैं जो कांग्रेस ने कीं और उसकी वजह से देश की सबसे पुरानी पार्टी को सत्ता से बेदखल होना पड़ा।
गडकरी ने इस बात पर जोर दिया कि अगर हम वही करते रहेंगे जो कांग्रेस करती रही है, तो उनके जाने और हमारे आने का कोई मतलब नहीं है।
गडकरी ने गोवा की राजधानी पणजी में गोवा भाजपा कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं। इस बैठक में गोवा राज्य इकाई के अध्यक्ष सदानंद तनावड़े और मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत सहित अन्य नेता शामिल हुए।
अपने 40 मिनट के भाषण में केंद्रीय मंत्री ने अपने गुरु और पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी के इस कथन को याद किया कि "भाजपा एक अलग तरह की पार्टी है। आडवाणी जी कहा करते थे कि हम एक अलग पार्टी हैं। हमें समझना होगा कि हम अन्य पार्टियों से कितने अलग हैं।"
डाइनामाइट न्यूज के संवाददाता के अनुसार नागपुर से लोकसभा सांसद ने कहा कि देश की जनता ने कांग्रेस की गलतियों की वजह से भाजपा को चुना है। उन्होंने अपनी पार्टी को भी कांग्रेस की गलतियां करने को लेकर आगाह किया। उन्होंने कहा, आने वाले दिनों में पार्टी कार्यकर्ताओं को यह पता होना चाहिए कि राजनीति सामाजिक और आर्थिक सुधार लाने का एक साधन है।
गडकरी ने जोर देकर कहा कि भाजपा को भ्रष्टाचार मुक्त देश बनाना है और इसके लिए हमारे पास एक योजना होनी चाहिए।
Published : 12 July 2024, 5:39 PM IST
Topics : bjp Congress MP Nagpur Nitin Gadkari कांग्रेस नागपुर नितिन गडकरी भाजपा सांसद