हिंदी
महराजगंज: लोकसभा चुनाव को देखते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पुराने जमीनी नेता विद्या सागर यादव को महराजगंज जिले का पार्टी जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विद्या सागर यादव पर भरोसा जताते हुए उन्हें एक बड़ी जिम्मेदारी दी है।
विद्या सागर यादव पार्टी के स्थापना काल से ही समाजवादी पार्टी से जुड़े रहे हैं और उनकी छवि एक तेज-तर्रार, पढ़े-लिखे, जुझारु नेता की है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय से ग्रेजुएट विद्या सागर को कुशल संगठनकर्ता माना जाता है और कार्यकर्ताओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं। वे 2015 से लेकर 2021 तक प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष रहे। इसके अलावा वे समाजवादी पार्टी में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं।
पिछले साल हुए सिसवा विधानसभा के चुनाव में बतौर विधानसभा अध्यक्ष विद्या सागर यादव ने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर जमकर मेहनत की थी, इसका नतीजा रहा कि अपने स्थापना काल के बाद से आज तक जितने भी चुनाव हुए उनमें सबसे अधिक वोट सिसवा विधानसभा में समाजवादी पार्टी को 2022 के चुनाव में मिले।
पार्टी को जिले में कैसे मजबूत बनाना है, इस बारे में कल राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सिसवा विधानसभा सीट से सपा के पूर्व प्रत्याशी और उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री सुशील टिबड़ेवाल की मौजूदगी में विद्या सागर यादव को लखनऊ बुलाकर दिशा-निर्देश दिया था और इसके बाद उन्हें जिलाध्यक्ष नियुक्त करने का आधिकारिक आदेश पार्टी मुख्यालय से जारी कर दिया गया।
Published : 26 March 2023, 7:21 PM IST
Topics : Maharajganj Vidya Sagar Yadav अखिलेश यादव महराजगंज विद्या सागर यादव विधानसभा चुनाव सपा समाजवादी पार्टी सिसवा