हिंदी
बीजिंगः हवाई जहाज में बैठने का सपना देखने वाले लोगों की देश-दुनिया में कमी नहीं है। एक आम इंसान अपने जीवन में एक बार जरूर हवाई यात्रा करने का सपना देखता है। हालांकि अब हवाई जहाज का सफर पहले से बहुत आसान हो गया है। लेकिन इस दुनिया में ऐसे लोगों की भी कमी नहीं है जो अपने शौक को पूरा करने के लिये कुछ भी कर गुजरने के लिये तैयार रहते हैं। हवाई जहाज में बैठने के इसी जुनून ने चीन के पूर्वोत्तर लिओनिंग प्रांत के कैयुन में रहने वाले झू यूचेंग को इतना प्रभावित किया कि उसने एक ऐसा काम कर दिया जिसकी अब दुनियाभर में चारों तरफ चर्चा हो रही है।
झू यूचेंग जो एक मोटरसाइकिल मैकेनिक है उसे हवाई जहाज में बैठने की ऐसी सनक लगी कि उसने खुद ही एक हवाई जहाज बना डाला। यूचेंग ने अपने इस सपने को पूरा करने के लिये अपनी जीवन भर की कमाई लगा दी। झू ने 1.2 लाख डॉलर खर्च करके एयरबस ए-320 विमान का प्रतिरूप बना डाला।
इसके लिये उसने लगातार तीन महीने का शोध किया और हवाई जहाज के डिजाइनों का स्केज तैयार कर दोस्तों की मदद से पिछले साल अक्टूबर में हवाई जहाज बनाने की शुरुआत की। विमान असली लगे इसके लिये झू यूचेंग ने इसमें टर्बोफैन के साथ पंखों के नीचे एक नकली इंजन भी लगा डाला। उसका यह विमान अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। झू इस विमान को अब एक रेस्त्रां में तब्दील करने का मन बना रहा है।
साथ ही फिल्म निर्माताओं को भी इसे किराये पर देने की योजना पर झू विचार कर रहा है। विमान की कुल लंबाई 37.84 मीटर, चौड़ाई 36 मीटर और ऊंचाई 12 मीटर है। विमान में बैठने का सपना देखने वाले झू ने इस तरह अपने सपने को पंख लगा डाले कि जिस पर सबको हैरानी हो रही है।
Published : 27 October 2018, 4:44 PM IST
Topics : Airbus A320 beijing China social media Video Viral World झू यूचेंग मोटरसाइकिल मैकेनिक हवाई जहाज हवाई सफर