अयोध्या: यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने योगी सरकार को कई अहम मुद्दों पर घेरा, लगाए ये आरोप

अयोध्या के फैजाबाद जेल पहुंचे यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने शुक्रवार को योगी सरकार पर जमकर हमला किया। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Updated : 19 July 2024, 4:50 PM IST
google-preferred

अयोध्या: यूपी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष अजय राय ने जिला अध्यक्ष अखिलेश यादव से फैजाबाद जेल में शुक्रवार को मुलाकात के बाद योगी सरकार पर जमकर हमला साधा है। अजय राय ने कहा कि फैजाबाद के जिला अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जिला प्रशासन ने दमनात्मक कार्यवाही की है जिसकी हम निंदा करते हैं। 

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मुख्यमंत्री के उस आदेश की भी कड़े शब्द में निंदा की जिसमें कावड़ यात्रा के दौरान दुकानदारों को और ठेले , खोमचे वालों को अपने दुकान के आगे अपना नाम लिखना आवश्यक किया गया है। उन्होंने इस तरह की कार्यवाही को अलोकतांत्रिक बताया।

कार्यकर्ताओं के बीच कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष अजय राय

अजय राय ने कहा कि अयोध्या में विकास के नाम पर भारी भ्रष्टाचार किया गया। मंदिर निर्माण के पूर्व कौड़ियों के दाम में खरीदी गई जमीन रातों-रात करोड़ों में बेच दी गई। पहले ही बरसात में अयोध्या के विकास की कलई खुल गई। अयोध्या में ज्यादातर काम और प्रमुख व्यापारिक स्थल गुजराती कंपनियों को दे दिए गए।

उन्होंने कहा कि अयोध्या नगर निगम द्वारा बिना टेंडर आउटसोर्सिंग के गुजरात से जुड़ी एक कंपनी को पिछले तीन सालों से करोड़ों का अवैध भुगतान किया जा रहा है। कंपनी का नाम AB Enterprises है और कागजों में इसका पता मेहसाणा गुजरात है। 

यूपी सरकार का शासनादेश है कि एक वर्ष से अधिक किसी भी सूरत में बिना टेंडर भुगतान हो ही नहीं सकता। लेकिन, अयोध्या नगर निगम में बड़ा गोलमाल आज भी जारी है।

प्रभु राम की नगरी में यह धोखाधड़ी करने के बाद लोकसभा चुनाव में अपनी करनी का परिणाम भुगतने के बाद भी भाजपा वालों को सद्बुद्धि नहीं आ रही है। 

अजय राय ने गोंडा ट्रेन हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि कहा देश में ट्रेन हादसे रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। गोंडा के समीप डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। रेल मंत्री को इन घटनाओं से कोई फ़र्क़ नहीं पड़ रहा है। वे सत्ता सुख लेने में मशगूल हैं। अगर विभाग नहीं सम्भल रहा तो छोड़ के हट जाएं! जनता की जान से खिलवाड़ क्यों कर रहे हैं?

इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद, प्रदेश महासचिव मनोज कुमार गौतम, महानगर अध्यक्ष वेद सिंह कमल, पीसीसी सदस्य उग्रसेन मिश्रा, जिला प्रवक्ता सुनील कृष्ण गौतम, बृजेश रावत, चेतनारायण सिंह, अनिल सिंह,रामेंद्र त्रिपाठी, पूर्व जिला अध्यक्ष रामदास वर्मा, जनार्दन सिंह,फ्लावर नकवी, राजकुमार मौर्य, राम नरेश मौर्य, सुनील मिश्रा, राम अवध पासी, राजकुमार पांडे राजकुमार सिंह, अब्दुल हकीम, रामसागर रावत, बसंत मिश्रा,बलवीर कोरी, तारिक रुदौली, लाल मोहम्मद ,करण त्रिपाठी, उमेश उपाध्याय, छविराज यादव, पूर्व सभासद जनार्दन मिश्रा, अनूप मिश्रा, अनिल तिवारी, चंचल सोनकर, राजेंद्र रावत, दिनेश यादव रोहित यादव, पंकज सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष आशुतोष सिंह, सुरेंद्र सिंह सैनिक,  शत्रुघ्न सिंह, कर्म राज यादव ,मोहम्मद अमीरु उपस्थित रहे।
 

Published : 
  • 19 July 2024, 4:50 PM IST

Advertisement
Advertisement