आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने किसानों को फसल बीमा मुआवजे की राशि वितरित की

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई. एस. जगन मोहन रेड्डी ने शनिवार को राज्य के 10 लाख से अधिक किसानों को 2022 खरीफ सत्र के लिए फसल बीमा मुआवजे के रूप में 1,117 करोड़ रुपये वितरित किये।

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 8 July 2023, 8:49 PM IST
google-preferred

अनंतपुरामु: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई. एस. जगन मोहन रेड्डी ने शनिवार को राज्य के 10 लाख से अधिक किसानों को 2022 खरीफ सत्र के लिए फसल बीमा मुआवजे के रूप में 1,117 करोड़ रुपये वितरित किये।

संयुक्त आंध्र प्रदेश के दिवंगत मुख्यमंत्री वाई. एस. राजशेखर रेड्डी की जयंती को ‘रायथु दिनोथसावम’ (किसान दिवस) के रूप में मनाते हुए मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने किसानों को फसल बीमा मुआवजे की राशि वितरित की।

मुख्यमंत्री ने अनंतपुरमु जिले के कल्याणदुर्ग में डॉ. वाईएसआर मुफ्त फसल बीमा योजना के तहत एक जनसभा में धनराशि जारी की।

उन्होंने 70 करोड़ रुपये की लागत से बहुउद्देश्यीय सुविधा केंद्र (एमपीएफसी) गोदामों और 52 डॉ. वाईएसआर कृषि परीक्षण प्रयोगशालाओं का भी उद्घाटन किया। इस तरह राज्यभर में ऐसी प्रयोगशालाओं की संख्या बढ़कर 127 हो गई है।

राज्य सरकार की एक विज्ञप्ति के अनुसार रेड्डी ने कहा, ‘‘मैं जब भी पिता (राजशेखर रेड्डी) को याद करता हूं, तो मैं पाता हूं कि उन्होंने किसानों के कल्याण के लिए कितने प्रयास किये थे। मुझे मुफ्त बिजली, जलयज्ञम, आरोग्यश्री जैसी योजनाएं याद आती हैं जिनसे किसानों और गरीबों को लाभ हुआ था।’’

इसके अनुसार मुख्यमंत्री रेड्डी ने कहा कि उनके पिता संयुक्त आंध्र प्रदेश में 2004 और 2009 के बीच मुख्यमंत्री थे और उन्होंने गरीबों के कल्याण के लिए कई योजनाओं की शुरुआत की थी।

राजशेखर रेड्डी की दो सितंबर, 2009 को एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। वह 60 वर्ष के थे।

किसानों को प्रदान किये गये फसल बीमा पर चर्चा करते हुए, रेड्डी ने कहा कि यह मुआवजा उन पात्र किसानों को दिया जाता है, जिन्हें पिछले साल के खरीफ सत्र के दौरान नुकसान हुआ था।

उन्होंने कहा कि किसी भी अन्य राज्य के विपरीत आंध्र प्रदेश में किसानों को फसल बीमा के रूप में एक रुपये का भी भुगतान करने की आवश्यकता नहीं है क्योंकि राज्य सरकार उक्त राशि का भुगतान कर रही है।

रेड्डी के अनुसार पिछले चार वर्ष में 54 लाख से अधिक किसानों को इस योजना के तहत 7,802 करोड़ रुपये प्राप्त हुए।

रेड्डी ने सरकार द्वारा शुरू किये जाने वाले कुछ आगामी कृषि कार्यक्रमों की भी घोषणा की। इन कार्यक्रमों में मृदा परीक्षण, अच्छी कृषि पद्धतियां, नैनो उर्वरक, ड्रोन और अन्य शामिल हैं।

 

Published : 

No related posts found.