Bollywood 2019: सिर चढ़कर बोला अक्षय-आयुष्मान का जलवा

डीएन ब्यूरो

बॉलीवुड में वर्ष 2019 में प्रदर्शित फिल्मों में खिलाड़ी कुमार अक्षय कुमार और आयुष्मान खुराना का जलवा दर्शकों के सिर चढ़कर बोला और उनकी फिल्मों ने सफलता के नये कीर्तिमान स्थापित किये।

फाइल फोटो
फाइल फोटो


मुंबई: बॉलीवुड में वर्ष 2019 में प्रदर्शित फिल्मों में खिलाड़ी कुमार अक्षय कुमार और आयुष्मान खुराना का जलवा दर्शकों के सिर चढ़कर बोला और उनकी फिल्मों ने सफलता के नये कीर्तिमान स्थापित किये। वर्ष 2019 में अक्षय की फिल्म केसरी,मिशन मंगल और हाउसफुल 4 जैसी सुपरहिट फिल्में प्रदर्शित हुयी और तीनों ही फिल्म 200 करोड़ से अधिक का कारोबार करने में सफल रही थी। अक्षय के साथ ही आयुष्मान खुराना की फिल्में भी बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुयी। इस वर्ष आयुष्मान की ड्रीम गर्ल,आर्टिकल 15 और बाला प्रदर्शित हुयी और सभी फिल्मों को दर्शकों का प्यार मिला। बड़े बजट में बनी फिल्मों में वॉर, भारत, गली बॉय, टोटल धमाल, दे दे प्यार दे, कबीर सिंह, सुपर 30, बाटला हाउस, साहो जैसी फिल्में भी सफल रही।

इन सबके साथ ही वर्ष 2019 में लीक से हटकर और कम बजट में बनी कई फिल्मों ने भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इन फिल्मों में उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक, बदला, लुका छिपी, छिछोरे,पति पत्नी और वो,और मर्दानी 2, जैसी कई फिल्में शामिल है। ठाकरे, रोमियो अकबर वाल्टर, पीएम नरेन्द्र मोदी, जजमेंटल है क्या, मरजांवा और कमांडो 3, जैसी फिल्में औसत कारोबार करने में सफल रही। इस वर्ष में जहां कई फिल्मों ने सफलता के झंडे गाड़े वहीं फ्लॉप फिल्मों की भी कमी नहीं रही। बड़े बजट और बड़े सितारों वाली कई फिल्में एक-एक कर बॉक्स ऑफिस पर धड़ाम होती गयीं जिनकी सूची काफी लंबी है। इन फिल्मों में ‘एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा सोन चिरैया, कलंक, स्टूडेंट ऑफ द इयर 2, इंडियाज मोस्ट वांटेड जबरिया जोड़ी, पल पल दिल के पास, द स्काई इज पिंक, मेड इन चाइना, पागलपंती, पानीपत और द बॉडी शामिल हैं।

आठ मार्च को सुजॉय घोष के निर्देशन में बनी फिल्म ‘बदला’ प्रदर्शित हुयी।फिल्म में अमिताभ बच्चन और तापसी पन्नू की मुख्य भूमिका है। मर्डर मिस्ट्री पर आधारित इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर कामयाबी का डंका बजाया और शानदार 88 करोड़ की कमाई की। इस वर्ष की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शुमार ‘केसरी’ 22 मार्च को रिलीज हुयी। केसरी वर्ष 1897 के सारागढ़ी युद्ध पर आधारित पीरियड फिल्म है। यह फिल्म वर्ष 1897 में ब्रिटिश भारतीय सेना की एक छोटी-सी टुकड़ी और अफगानी सेना के बीच हुई थी। इस लड़ाई में ब्रिटिश भारतीय सेना के 21 सिख जवानों ने 10 हजार की तादाद वाली अफगानी सेना का मुकाबला किया था। अनुराग सिंह के निर्देशन में बनी फिल्म केसरी में अक्षय कुमार और परिणीति चोपड़ा ने मुख्य भूमिका निभायी है। फिल्म ने टिकट खिड़की पर 153 करोड़ का कारोबार किया।

सनी देओल ने अपने पुत्र करण देओल को लांच करने के लिये फिल्म पल पल दिल के पास बनायी। 20 सितंबर को प्रदर्शित यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से नकार दी गयी। यश राज बैनर तले बनी ऋतिक रौशन ,टाइगर श्राफ और वाणी कपूर जैसे सितारों से सजी फिल्म वार 02 अक्टूबर को प्रदर्शित हुयी। फिल्म वॉर इस वर्ष की सबसे कामयाब फिल्म साबित हुयी। फिल्म ने 318 करोड़ की कमाई की है। प्रियंका चोपड़ा ने फिल्म स्काई इज पिंक के साथ लंबे अरसे के बाद वापसी की। 11 अक्टूबर को प्रदर्शित स्काई इज पिंक में प्रियंका के अलावा फरहान अख्तर ने अहम भूमिका निभायी लेकिन फिल्म दर्शकों की उम्मीद पर खरी नही उतरी।

अक्षय कुमार, रितेश देशमुख, बॉबी देओल और कृति सैनन की फिल्म 'हाउसफुल 4' दीपावली के अवसर पर 25 अक्टूबर को प्रदर्शित हुयी थी। फिल्म 'हाउसफुल 4' की कहानी 1419 के सितमगढ़ की है, जहां अक्षय कुमार, बॉबी देओल, रितेश देशमुख, कीर्ति खरबंदा, पूजा हेगड़े और कृति सैनन एक दूसरे से प्यार करते हैं। लेकिन कुछ वजहों से ये जुदा हो जाते हैं। छह सौ साल बाद तीनों जोड़े पुनर्जन्म लेते हैं, और इसके बाद फिर शुरू होती है ‘हाउसफुल 4’ टाइप कन्फ्यूजन। फिल्म ने 206 करोड़ की कमाई की है।

पच्चीस अक्टूबर को ही तापसी पन्नू और ऋचा चड्डा की फिल्म सांड़ की आंख प्रदर्शित हुयी। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर करीब 25 करोड़ का औसत व्यापार किया है। सात नवंबर को आयुष्मान खुराना ,यामी गौतम और भूमि पेडनेकर की मुख्य भूमिका वाली फिल्म बाला प्रदर्शित हुयी। अमर कौशिक के निर्देशन में बनी फिल्म बाला ने 116 करोड़ की शानदार कमाई की है। पंद्रह नवंबर को सिद्धार्थ मल्होत्रा, तारा सुतरिया, रकुल प्रीत सिंह और रितेश देशमुख की फिल्म मरजांवा प्रदर्शित हुयी जिसने करीब 47 करोड़ की कमाई की। अनीस बज्मी के निर्देशन में बनी फिल्म पागलपंती 22 नवंबर को प्रदर्शित हुयी। अनिल कपूर,जॉन अब्राहम ,अरशद वारसी,इलियाना डिक्रूज ,उर्वशी रौतेला जैसे सितारों से सजी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ढ़ेर हो गयी। विद्युत जामवाल की फिल्म कमांडो 3 ,29 नवंबर को प्रदर्शित हुयी।फिल्म ने 32 करोड़ का औसत कारोबार किया। यह फिल्म विद्युत की ही फिल्म कमांडो का तीसरा संस्करण है।

छह दिसंबर को पति पत्नी और वो प्रदर्शित हुयी। यह फिल्म मुदस्सर अज़ीज़ द्वारा निर्देशित वर्ष 1978 में प्रदर्शित इसी नाम की फिल्म का रीमेक है। पत्नी पत्नी और वो में संजीव कुमार, विद्या सिन्हा और रंजीता ने मुख्य भूमिका निभायी थी जबकि इस फिल्म के रीमेक में कार्तिकआर्यन, भूमि पेडनेकर और अनन्या पांडे ने अहम किरदार निभाये। फिल्म ने 80 करोड़ की शानदार कमाई की है। आशुतोष गोवारिकर के निर्देशन में बनी फिल्म पानीपत भी 06 दिसंबर को रिलीज हुयी। पानीपत की ऐतिहासिक लड़ाई पर आधारित है जो अब्दाली और मराठाओं के बीत साल 1761 में लड़ी गई थी। अर्जुन कपूर, संजय दत्त और कीर्ति सैनन जैसे सितारों से सजी यह फिल्म दर्शकों की कसौटी पर खरी नही उतरी।
यह भी पढ़ें: दीपिका पादुकोण ने रणवीर सिंह से शादी करने की बताई ये वजह...

13 दिसंबर को मर्दानी 2 और द बॉडी प्रदर्शित हुयी। यशराज बैनर तले बनी फिल्म मर्दानी वर्ष 2014 में प्रदर्शित 'मर्दानी' का सीक्वल है। रानी मुखर्जी की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 'मर्दानी 2' में बलात्कार और हिंसा के पीछे छिपी मानसिकता को दिखाया गया है। इस क्राइम थ्रिलर के जरिए निर्देशक गोपी पुथरान ने महिलाओं के प्रति फैली मिसोजिनिस्ट सोच को भी दर्शाया है। फिल्म दर्शकों की उम्मीद पर खरी उतरी और 34 करोड़ से अधिक की कमाई कर चुकी है। इसी दिन इमरान हाशमी और ऋषि कपूर की मुख्य भूमिका वाली फिल्म द बॉडी प्रदर्शित हुयी। यह फिल्म वर्ष 2012 में प्रदर्शित स्पैनिश मिस्ट्री थ्रिलर फिल्म द बॉडी का हिन्दी रीमेक है। जीतू जोसेफ निर्देशित इस फिल्म दर्शकों ने नकार दिया।

यह भी पढ़ें: कपिल शर्मा के शो को होस्ट करना चाहते हैं अक्षय, बताई ये मजेदार वजह

बीस दिसंबर को इस वर्ष की सर्वाधिक बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल दबंग 3 प्रदर्शित हुयी। प्रभुदेवा के निर्देशन में बनी दबंग 3, दबंग सीरीज की तीसरा कड़ी है। फिल्म दबंग 3 में सलमान खान, सोनाक्षी सिन्हा, अरबाज खान, किच्चा सुदीप और महेश मांजरेकर की पुत्री सई मांजरेकर ने मुख्य भूमिका निभायी है। सई मांजरेकर ने इस फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू किया है। फिल्म दबंग 3 बॉक्स ऑफिस पर 80 करोड़ से अधिक की कमाई कर चुकी है। (वार्ता)










संबंधित समाचार