महाराष्ट्र में अखिलेश यादव ने पार्टी की रणनीति का किया खुलासा, जानें कितनी सीटों पर लड़ेगी चुनाव

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महाराष्ट्र में चुनावी बिगुल बजा दिया है। उन्होंने बताया कि पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज की ये रिपोर्ट।

Updated : 19 October 2024, 8:11 PM IST
google-preferred

महाराष्ट्र: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने महाराष्ट्र के दो दिवसीय चुनावी दौर के दूसरे दिन धुले विधानसभा क्षेत्र में विशाल जनसभा को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि यूपी की तरह धुले में भी समाजवादी पार्टी का जोर दिखाई दे रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव में सपा ने 13 सीटें मांगीं है। हम वो लोग हैं जो सीटों में भी मान जाते हैं। अखिलेश ने कहा कि हमें पूरी उम्मीद है कि धुले से इस बार समाजवादी पार्टी का प्रत्याशी ही विधानसभा में पहुंचेगा। आगे

डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के मुताबिक अखिलेश यादव ने कहा कि महाराष्ट्र का ये चुनाव ऐतिहासिक चुनाव है। इस चुनाव से महाराष्ट्र की राजनीति (Politics) के साथ-साथ देश की राजनीति भी बदलेगी। महाराष्ट्र में महायुति की सरकार ने जनता को महा दुखी किया है। इस सरकार में महा भ्रष्टाचार हो रहा है। पैसों का बंदरबांट हो रहा है। सड़कों के निर्माण कार्यों में बंदरबांट हुआ है। इस सरकार के लोगों ने छत्रपति शिवाजी महाराज को भी नहीं छोड़ा। उनकी प्रतिमा के निर्माण में घपला-घोटाला हुआ, जिस कारण प्रतिमा गिर गई। इस सरकार ने छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान किया है। यह चुनाव महाराष्ट्र के सम्मान को बचाने का चुनाव है। महाराष्ट्र की जनता भाजपा (BJP) की सरकार को हटाकर सम्मान को बचाएगी।

भाजपा ने अर्थव्यवस्था को खोखला किया
अखिलेश यादव ने कहा कि हमारे देश और समाज की पहचान भाईचारे की है। हर धर्म और वर्ग के लोग मिलजुलकर एक साथ रहते हैं, लेकिन भाजपा समाज में नफरत फैला रही है। भाजपा सत्ता का दुरुपयोग कर लोगों को डराने का काम कर रही है। केन्द्र की भाजपा सरकार ने देश की अर्थव्यवस्था (Economy) को खोखला कर दिया है। इस सरकार ने देश को भुखमरी के सूचकांक में दुनिया के सबसे खराब देशों की श्रेणी में ला दिया है।
  
धोखे से हथियाई गई सरकार
आगे अखिलेश यादव ने कहा कि महाराष्ट्र की महायुति सरकार जनता से चुनी सरकार नहीं है। यह सरकार धोखे से हथियाई गई सरकार है। धोखा देकर पार्टी तोड़ी, सरकार गिराई और फिर धोखे से सरकार बनाई है। महाराष्ट्र की जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। महाराष्ट्र सामाजिक न्याय की कर्मस्थली है। बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की कर्मभूमि है, जो लोग संविधान को बदलना चाहते है वे याद रखें कि बाबा साहब की धरती और महाराष्ट्र की जनता संविधान (Constitution) बदलने वालों को बदल देगी।

बीजेपी ने रोजी-रोटी छीनी
अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने कहा कि महाराष्ट्र की सरकार हटेगी तो दिल्ली की भी सरकार हट जाएगी। दिल्ली में भाजपा की सरकार चलने वाली नहीं, गिरने वाली सरकार है। दिल्ली सरकार जाते ही बुलडोजर सरकार और उसका अन्याय खत्म हो जायेगा। महायुति की सरकार ने महाराष्ट्र को पीछे धकेल दिया। कभी महाराष्ट्र लोगों को नौकरी और रोजगार देता था, लेकिन दिल्ली की भाजपा सरकार और यहां की महायुति सरकार ने उद्योग धंधों और कारखानों को महाराष्ट्र के बाहर कर दिया। यहां नहीं लगने दिया। बीजेपी ने आम लोगों की रोजी-रोटी छीनी है। उद्योगपतियों का कर्ज माफ करती है। महाराष्ट्र में गरीबों किसानों की स्थिति बहुत खराब है। 

भाजपा भाईचारा कर रही खत्म
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश (UP) में भाजपा को हराने का काम किया है। उत्तर प्रदेश का किसान, नौजवान, गरीब, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक भाजपा के झूठ और लूट को समझ गये हैं और भाजपा को हरा दिया है। अब बारी महाराष्ट्र के लोगों की है। महाराष्ट्र के लोग इस बार भाजपा और महायुति को हरायेंगे। जनसभा को सम्बोधित करते हुए महाराष्ट्र समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं विधायक अबू आसिम आजमी ने कहा कि भाजपा सरकार संविधान की धज्जियां उड़ा रही है।

अखिलेश ने कहा कि भाजपा भाईचारा और तहजीब खत्म कर रही है। भाजपा सरकार में संविधान और आरक्षण खत्म किया जा रहा है। संविधान की ताकत को समाजवादी पार्टी मिटने नहीं देगी। सभा को समाजवादी पार्टी की कैराना से सांसद इकरा हसन, धुले से समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी इरशाद भाई जागीरदार, विधायक रईस शेख समेत अन्य नेताओं ने सम्बोधित किया। इस अवसर पर विधायक नाहिद हसन, साबिर शेख, राजेन्द्र यादव, परवेज सिद्दीकी समेत अन्य प्रमुख नेता मौजूद रहे।

Published : 
  • 19 October 2024, 8:11 PM IST

Advertisement
Advertisement