हिंदी
नई दिल्ली: देश में रेल हादसे लगातार बढ़ते जा रहे हैं। मंगलवार को झारखंड के सिंहभूमि में मुंबई-हावड़ा एक्सप्रेस की कई बोगियां पटरी से उतर गई। बढ़ती रेल दुर्घटनाओं समेत ताजा रेल हादसे को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार को निशाने पर लिया।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मंगलवार को संसद भवन में मीडिया से बातचीत में मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि "लगता ये है कि सरकार हर चीज में रिकॉर्ड बनाना चाहती है। अभी कुछ दिन पहले पेपर लीक रिकॉर्ड चल रहा था। लगता है कि ये सरकार उसी तरह ट्रेन दुर्घटना का भी रिकॉर्ड बनने जा रहा है।“
अखिलेश यादव ने सवाल उठाया कि सरकार के पास इतना बड़ा बजट है। फिर भी लगातार रेल दुर्घटनाएं क्यों हो रही हैं? लोगों को सुविधाएं क्यों नहीं मिल रही हैं?
सपा प्रमुख ने कहा कि आज के रेल हादसे में जिन लोगों की जान गई, उनके लिए सरकार कुछ करे और भविष्य में ऐसी घटनाएं न हो उस के लिए कोई पुख्ता इंतजाम करें।
इसके साथ ही वायनाड में हुए भूस्खलन से जानमाल के नुकसान पर अखिलेश यादव ने कहा, "आज वहां अगर भूस्खलन हुआ है तो कुछ दिन पहले उत्तराखंड में भी भूस्खलन बड़े पैमाने पर भूस्खलन हुए थे और लगातार होते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भूस्खलन समेत इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सरकार क्या कर रही है, सरकार को इस सवाल का जवाब भी संसद में देना चाहिए।
Published : 30 July 2024, 1:08 PM IST
Topics : Akhilesh Yadav bjp jharkhand train accident SP UP News UP Politics अखिलेश यादव झारखंड ट्रेन हादसा लखनऊ समाचार