हिंदी
कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में कानपुर देहात इलाके के गजनेर क्षेत्र में बृहस्पतिवार तड़के एक तेज रफ्तार कार के पेड़ से टकराने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गयी तथा पांच अन्य गम्भीर रूप से घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि गजनेर थाना क्षेत्र के भैथाना गांव निवासी जय सिंह (28) अपनी बहन प्रिया समेत नौ रिश्तेदारों को औरैया के बिधूना से लेकर आ रहा था। तड़के करीब साढ़े तीन बजे गजनेर क्षेत्र में कार एक पेड़ से जा टकरायी।
उन्होंने बताया कि इस हादसे में जय सिंह, उसकी बहन प्रिया (35), दादी रन्नो देवी (75) और भतीजी प्रिया (14) की मौत हो गयी।
सूत्रों ने बताया कि इस दुर्घटना में कार सवार पांच अन्य लोग भी गम्भीर रूप से घायल हो गये। उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि जय का इसी महीने 28 तारीख को विवाह था और वह बुधवार रात अपनी बहन प्रिया और कुछ अन्य रिश्तेदारों को लेने के लिये औरैया जिले के बिधूना गया था। वह उन्हें लेकर लौट रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार दुर्घटना में घायल हुए कार चालक प्रदीप ने पुलिस को बताया कि उसे झपकी आ जाने की वजह से कार पेड़ से टकरा गयी।
सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिये भेज दिये हैं।
Published : 23 November 2023, 1:17 PM IST
Topics : family Four Died Kanpur uttar pradesh उत्तर प्रदेश कानपुर कार चार लोगों की मौत परिवार पेड़ से टकराने