हिंदी
फतेहपुर: जनपद जिले के असौथर विकास खंड में उत्तर प्रदेश सरकार के 'सेवा, सुरक्षा एवं सुशासन' के 8 स्वर्णिम एवं गौरवशाली वर्षों की उपलब्धियों को समर्पित तीन दिवसीय भव्य विकास प्रदर्शनी एवं प्रबुद्ध परिचर्चा का समापन बड़े ही हर्षोल्लास के साथ हुआ।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, इस भव्य समारोह के मुख्य अतिथि असौथर के प्रसिद्ध भाजपा नेता गौरव सिंह गौतम रहे, जिन्होंने अपने ओजस्वी भाषण से पूरे कार्यक्रम में जान डाल दी। उनके साथ एडीओ पंचायत अशोक कुमार, सीडीपीओ राजेश्वर राय एवं पशु चिकित्सक डॉ. प्रदीप गुप्ता सहित अनेक सम्मानित अतिथियों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
गौरव सिंह गौतम ने किया कार्यक्रम का उद्घाटन
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि गौरव सिंह गौतम ने फीता काटकर किया। इसके बाद विकास खंड परिसर में रंगारंग प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया, जिसमें शिक्षा विभाग, इंडेन, कृषि विभाग, वित्त विभाग, बीओबी असोथर, पंचायत राज, ग्राम विकास, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, बाल विकास, पशुपालन, समाज कल्याण, सिंचाई, स्वास्थ्य व खाद्य विभाग समेत कई सरकारी विभागों ने अपने-अपने स्टाल लगाकर जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और लोगों को जागरूक किया।
क्या रहा आयोजन का उद्देश्य
इस आयोजन का उद्देश्य योगी सरकार की आठ वर्षों की उपलब्धियों व विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना था, ताकि जनता को पता चले कि किस तरह उत्तर प्रदेश भारत का विकास इंजन बन रहा है। कार्यक्रम में सामाजिक व सांस्कृतिक आयामों को भी विशेष स्थान दिया गया। इस दौरान पांच गर्भवती माताओं की गोद भराई की गई, जिसमें उन्हें परंपरानुसार आशीर्वाद दिया गया। इसके अलावा मुख्य अतिथि गौरव सिंह गौतम द्वारा तीन नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया, जो एक भावपूर्ण व प्रेरणादायी दृश्य था। कार्यक्रम में क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मवीरों को भी सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि गौरव सिंह गौतम ने कर्मचारियों की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए उन्हें अपने हाथों से प्रमाण पत्र प्रदान किए, जिससे सभी कर्मचारियों में उत्साह और गर्व की भावना भर गई।
अपने ओजस्वी संबोधन में गौरव सिंह गौतम ने योगी आदित्यनाथ सरकार के नेतृत्व में पिछले आठ वर्षों में हुए विकास कार्यों और कानून व्यवस्था में आए बदलावों की सराहना की। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन और अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता द्वारा किए गए क्रांतिकारी कार्यों का भी उल्लेख किया।
इस ऐतिहासिक समारोह में साहिल आर्य, घनश्याम, बेनी सैनी और संदीप साहू जैसे कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी की। जनता ने इस आयोजन को योगी सरकार के स्वर्णिम आठ वर्षों का भव्य समारोह बताते हुए इसे ऐतिहासिक और प्रेरणादायी बताया।
यह तीन दिवसीय समारोह न केवल सरकार की उपलब्धियों का उत्सव था, बल्कि सामुदायिक एकता, सांस्कृतिक विरासत और जन जागरूकता का सशक्त मंच भी बना। प्रदर्शनी और कार्यक्रमों ने सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाया, जिससे यह उत्सव उत्साह, उमंग और प्रगति का जीवंत प्रतीक बन गया।
Published : 26 March 2025, 12:08 PM IST
Topics : CM Yogi Dynamite News hindi Fatehpur fatehpur news Fatehpur todays News latest UP CM UP News