हिंदी
नई दिल्ली: देश के कर्तव्य पथ पर 76वें गणतंत्र दिवस का जश्न मनाया जा रहा है। देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ध्वजारोहण करेंगी। इस समारोह में इंडोनेशियाई राष्ट्रपति प्रोबोवो सुबियांतो भारत के मुख्य अतिथि हैं। कर्तव्य पथ पर हजारों नागरिक भी परेड, झांकी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साक्षी बनेंगे।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार इस बार का गणतंत्र दिवस काफी खास भी है, क्योंकि देश अपने संविधान के लागू होने के 75 साल पूरे होने का जश्न मना रहा है।

जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुबह साढ़े 10 बजे कर्तव्य पथ पर तिरंगा फहराएंगी। इसके बाद परेड शुरू होगी, जो करीब 90 मिनट चलेगी। परेड में 16 राज्यों और केंद्र सरकार के 15 मंत्रालयों की कुल 31 झांकियां निकाली जाएंगी। इस बार गणतंत्र दिवस की थीम गोल्डन इंडिया-हेरिटेज एंड डेवलेपमेंट है।

ये पहली बार होगा जब परेड में 5000 कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रदर्शन होगा और वो पूरे कर्तव्य पथ को कवर करेंगे। परेड सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगी और लगभग 90 मिनट तक चलेगी।
परेड की शुरुआत 300 सांस्कृतिक कलाकारों द्वारा देश के विभिन्न हिस्सों से मंगाए गए संगीत वाद्ययंत्रों के साथ 'सारे जहां से अच्छा' बजाकर की जाएगी।

सशक्त और सुरक्षित भारत' विषय पर तीनों सेवाओं की झांकी निकाली जाएगी। इस झांकी में स्वदेशी अर्जुन मुख्य युद्धक टैंक, तेजस एमके 2 लड़ाकू विमान, एडवांस्ड लाइट हेलीकॉप्टर, विध्वंसक आईएनएस विशाखापत्तनम और एक रिमोट से संचालित विमान के साथ जमीन, पानी और हवा में एक समन्वित ऑपरेशन को दर्शाने के लिए युद्धक्षेत्र का दृश्य दिखाया जाएगा।
नारी शक्ति का प्रतिनिधित्व तीनों सेवाओं की अनुभवी महिला अधिकारी करेंगी। कर्तव्य पथ पर मार्च करने वाली टुकड़ियों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 148 सदस्यीय महिला मार्चिंग टुकड़ी शामिल होगी, जिसका नेतृत्व सहायक कमांडेंट ऐश्वर्या जॉय एम करेंगी।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशभक्ति के रंग में डूबे कई प्रदेशों की मनमोहक झांकिया देश की विरासत और सामाजिक समरसता की गवाह बनेगी।
गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है। जगह-जगह पुलिस ने चेकपोस्ट बनाए हैं, जहां लोगों की जांच की जा रही है।
बता दें कि आज ही के दिन देश ने संविधान को अंगीकृत और आत्मार्पित किया था। कर्तव्य पथ पर समृद्ध भारत की झांकी भी दिखेगी।
सुनिये भोजपुरी के ट्रेंडिंग स्टार खेसारी लाल क्या कह रहे हैं:
Published : 26 January 2025, 8:59 AM IST
Topics : 76th Republic Day HindiNews India kartavy path ManojTibrewalAakashDynamiteNews ManojTibrewalAakashJournalist New Delhi TrendingNews