कन्नौज: 7 घरों में हाई वोल्टेज करंट, 38 घायल, 7 की हालत गंभीर

यूपी के कन्नौज में कई घरों पर हाईटेंशन तार टूटकर गिर गया। इस हादसे में 38 लोग जख्मी हो गए। 7 लोगों की हालत गंभीर है। पढ़िये डाइनामाइट न्यूज की ये रिपोर्ट।

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 19 September 2024, 7:32 AM IST
google-preferred

कन्नौज: जिले के गुरसहायगंज (Gursahaiganj) कस्बे में हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर सात घरों पर गिर गया। इस हादसे में करीब 38 लोग घायल हो गए। करीब 15 मिनट तक वह लोग तड़पते रहे। मोहल्ले के एक व्यक्ति ने आपूर्ति बंद कराई, जिससे करंट का प्रवाह बंद हुआ। सात गंभीर घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

लोगों ने बंद कराई बिजली सप्लाई
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के मुताबिक गुरसहायगंज के मोहल्ला सीमांत नगर (Simant Nagar) में बुधवार शाम सात बजे बारिश के दौरान लोग घरों के अंदर थे। इस दौरान कई लोगों के घरों पर बिजली का तार टूटकर गिर गया। इनके नाम अब्दुल गफ्फार, हसीब, नन्हे, वहीद, उस्मान (Usman), नौशाद (Naushad) व मोहम्मद नायाब है। तार टूटकर गिरने के बाद इनके घरों में हाई वोल्टेज करंट दौड़ने लगा। करंट की चपेट में आकर ये लोग बेहोश होकर गिरने लगे। इसके बाद कुछ लोग बिजली उपकेंद्र पंहुचे। इसके बाद बिजली सप्लाई बंद हुई। 

7 लोग गंभीर
हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से महिलाओं समेत तकरीबन 38 लोग आए, जिनमें से लगभग सात लोग गंभीर रूप से झुलस गए। इन सभी को इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। दो से तीन गंभीर घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर भी किया गया। 

एसडीओ गुरसहायगंज का बयान
एसडीओ गुरसहायगंज ब्रजेश कुमार सरोज (Brajesh Kumar Saroj) ने बताया कि बारिश के कारण हुए फाल्ट की वजह से तार टूटकर मकान की छतों पर गिरे। यहां बिजली लाइन पहले से निकली है, उसके बाद लोगों ने घर बनाए हैं। इसी वजह से लोगों के छतों पर तार गिरे।  

जांच के दिए आदेश
विद्युत वितरण खंड छिबरामऊ के अधिशासी अभियंता राजीव कुमार भारती (Rajiv Kumar Bharti) ने बताया कि नई बस्ती है और लोगों ने लाइन के नीचे अपने घर बना लिए हैं। इस घटना के संबंध में एसडीओ को जांच के आदेश दे दिए गए हैं।