Republic Day: गणतंत्र दिवस पर 189 कैदियों को मिलेगी ये बड़ी राहत

आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में केंद्र सरकार के विशेष छूट कार्यक्रम के तहत गणतंत्र दिवस पर महाराष्ट्र की जेलों से कुल 189 कैदियों को रिहा किया जाएगा, जिनमें से तीन ठाणे सेंट्रल जेल से हैं।

Post Published By: डीएन ब्यूरो
Updated : 22 January 2023, 5:09 PM IST

ठाणे: आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में केंद्र सरकार के विशेष छूट कार्यक्रम के तहत गणतंत्र दिवस पर महाराष्ट्र की जेलों से कुल 189 कैदियों को रिहा किया जाएगा, जिनमें से तीन ठाणे सेंट्रल जेल से हैं। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि ठाणे के तीन कैदी हत्या के प्रयास और अन्य अपराधों के लिए जेल की सजा काट रहे हैं। अधिकारी कहा, ‘‘विशेष छूट कार्यक्रम के तहत कुछ कैदियों को सजा की अवधि दौरान अच्छे आचरण के लिए 26 जनवरी और 15 अगस्त को रिहा किया जाएगा। महाराष्ट्र के कुल 189 कैदियों को रिहा किया जाएगा।’’

उन्होंने कहा कि कैदियों का चयन उम्र, जेल में बिताए समय, दिव्यांगता, स्वास्थ्य समेत अन्य पहलुओं के आधार पर किया जाता है। अधिकारियों ने बताया कि ठाणे सेंट्रल जेल में 4,569 कैदी हैं, जिनमें 132 महिलाएं हैं। इनमें 52 कैदी 70 साल से ऊपर के हैं और 386 कैदी 20 साल से कम उम्र के हैं। हालांकि, जेल की क्षमता सिर्फ 1,105 कैदियों की है।

उन्होंने कहा कि रिहा किए जाने वाले कुल कैदियों में 30 बांग्लादेशी और इतनी ही संख्या में नाइजीरियाई शामिल हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, महाराष्ट्र में जेल के कैदियों की कुल संख्या 43,090 है।

Published : 
  • 22 January 2023, 5:09 PM IST