बरेली में 11 साल की बच्ची की हत्या, रिश्तेदार के खिलाफ मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार

बरेली जिले के ग्रामीण क्षेत्र के थाना हाफिजगंज के गांव लालपुर गोटिया में ग्यारह वर्ष की एक बच्ची का शव फंदे से लटका मिला। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

Updated : 14 October 2023, 1:03 PM IST
google-preferred

बरेली: बरेली जिले के ग्रामीण क्षेत्र के थाना हाफिजगंज के गांव लालपुर गोटिया में ग्यारह वर्ष की एक बच्ची का शव फंदे से लटका मिला।

पुलिस के अनुसार बच्ची के पिता धर्मेंद्र कुमार ने इस संबंध में अपने रिश्तेदार गंगा देव के खिलाफ एक मामला दर्ज कराया है। पुलिस के अनुसार आरोपी गंगा देव को गिरफ्तार कर लिया गया और बच्ची की हत्या का कारण संपत्ति विवाद प्रतीत हो रहा है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार पुलिस अधीक्षक (देहात) मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि लालपुर गोटिया निवासी धर्मेंद्र कुमार खेती करते हैं और उनकी पत्नी स्वास्थ्य विभाग में आशा कार्यकर्ता हैं। उन्होंने बताया कि उनकी 11 वर्षीय बेटी रिद्धिमा कक्षा पांच में पढ़ती थी।

मिश्रा के अनुसार धर्मेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार को वह अपनी पत्नी के साथ कहीं बाहर गए थे और बेटी घर पर अकेली थी, जब वह पत्नी के साथ वापस घर लौटे, तो बेटी का शव दुपट्टे के फंदे से दरवाजे की चौखट पर लगे कुंडे से लटका मिला। कुमार के अनुसार बेटी की पीठ पर चोट के निशान थे।

मिश्रा ने बताया कि बच्ची की मां कमलेश की ओर से बेटे पवन के ससुर गंगा देव और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शुक्रवार रात रिपोर्ट दर्ज करायी गयी। उन्होंने बताया कि गंगा देव को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि बच्ची के शव का पोस्टमार्टम शनिवार को किया गया।

पुलिस के अनुसार धर्मेंद्र कुमार ने बताया है कि एक साल पहले उनके बेटे पवन ने पड़ोसी गंगा देव की बेटी के साथ प्रेम विवाह कर लिया था। पुलिस के मुताबिक इस विवाह के बाद से ही विवाद शुरू हुआ और धर्मेंद्र कुमार अपने बेटे पवन के प्रेम विवाह करने से खुश नहीं थे और उन्होंने अपने बेटे को संपत्ति से बेदखल कर दिया था।

पुलिस के अनुसार पवन अपनी पत्नी के साथ पंतनगर में रहकर वहीं नौकरी कर रहा था जबकि इधर धर्मेंद्र कुमार और समधी गंगा देव के बीच आए दिन विवाद होता था।

पुलिस के अनुसार धर्मेंद्र का आरोप है कि शुक्रवार को इसी कारण आरोपी गंगा देव ने बेटी रिद्धिमा को घर में अकेला पाकर इस वारदात को अंजाम दिया।

Published : 
  • 14 October 2023, 1:03 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement