
रोहित के कहने पर जायसवाल ने बदला फैसला (Img: Internet)
Mumbai: भारतीय क्रिकेट टीम के युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने पहले पूरी तरह से तय कर लिया था कि वे अब मुंबई की टीम के लिए घरेलू क्रिकेट नहीं खेलेंगे। उन्होंने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) से एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) की मांग की थी, जिसे MCA ने दे भी दिया था। यशस्वी के इस फैसले ने क्रिकेट जगत को हैरानी में डाल दिया, क्योंकि वह गोवा की टीम से जुड़ने की योजना बना रहे थे। ऐसे में अब पता चला है कि आखिर क्यों फिर जायसवाल ने अपना फैसला बदला था.
इस पूरी कहानी में बड़ा मोड़ तब आया जब भारत की वनडे टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने इस मामले में हस्तक्षेप किया। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, रोहित शर्मा ने यशस्वी से बात की और उन्हें मुंबई की टीम के साथ बने रहने के लिए कहा। रोहित ने उन्हें समझाया कि मुंबई के लिए खेलना एक सम्मान की बात है, क्योंकि यह टीम अब तक 42 बार रणजी ट्रॉफी जीत चुकी है।
एमसीए अध्यक्ष अजिंक्य नाइक के मुताबिक, रोहित शर्मा ने यशस्वी से यह भी कहा कि उन्हें कभी नहीं भूलना चाहिए कि मुंबई ने ही उन्हें वह मंच दिया, जिसकी बदौलत वे आज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इस मुकाम तक पहुंचे हैं। रोहित ने यह भी याद दिलाया कि यशस्वी ने मुंबई के मैदानों पर आयु वर्ग क्रिकेट खेलकर अपने करियर की नींव रखी थी।
रोहित शर्मा और अन्य दिग्गजों से बात करने के बाद, यशस्वी ने अपना फैसला बदल दिया और MCA को ईमेल के जरिए NOC वापस लेने का अनुरोध किया। अजिंक्य नाइक ने बताया कि MCA ने यशस्वी के अनुरोध को स्वीकार कर लिया है। अब जायसवाल दोबारा मुंबई की टीम के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने के लिए तैयार हैं।
यशस्वी के इस फैसले से ना केवल MCA, बल्कि मुंबई के क्रिकेट प्रेमियों और टीम मैनेजमेंट को भी बड़ी राहत मिली है। युवा प्रतिभा के रूप में उन्हें एक मजबूत ओपनर की जरूरत है, और रोहित शर्मा की समय पर दी गई सलाह ने इस दिशा में अहम भूमिका निभाई है।
Location : Mumbai
Published : 7 August 2025, 3:05 PM IST