
भारत की जीत पर धोनी की प्रतिक्रिया (Img: Google)
New Delhi: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। टीम इंडिया के लिए यह जीत सिर्फ एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि देश के क्रिकेट फैंस के लिए उत्साह और गर्व का पल था। कप्तान सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व में टीम ने पूरे टूर्नामेंट में आक्रामक और शानदार प्रदर्शन किया।
टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) ने टीम इंडिया को बधाई देते हुए इंस्टाग्राम पर एक खास पोस्ट शेयर किया। धोनी ने टीम के प्रदर्शन की तारीफ की और हेड कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) के लिए एक मजेदार लेकिन दिल छू लेने वाला संदेश लिखा। उन्होंने कहा, “कोच साहब की मुस्कान उन पर बहुत अच्छी लगती है और मुस्कान के साथ उनकी तीव्रता एक खतरनाक कॉम्बिनेशन बनाती है। आप सब इस पल को सेलीब्रेट करें। (बुमराह के बारे में कुछ न लिखूं तो ही बेहतर है… चैंपियन गेंदबाज)।”
विराट कोहली ने सोशल मीडिया के जरिए टीम की जमकर तारीफ की और कहा कि अहमदाबाद में टीम इंडिया ने शानदार जीत दर्ज की। फाइनल मुकाबला देखने के लिए रोहित शर्मा, एम एस धोनी और कपिल देव जैसे दिग्गज स्टेडियम में मौजूद थे। सोशल मीडिया पर धोनी का संदेश और फैंस की प्रतिक्रियाएं तेजी से वायरल हो गईं।
गौतम गंभीर जुलाई 2024 में टीम इंडिया के हेड कोच बने। उनके कोच बनने के बाद भारतीय टीम ने टी20 क्रिकेट में लगातार सफलता हासिल की है। गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव की जोड़ी ने अब तक कोई भी टी20 सीरीज नहीं हारी। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में यह जोड़ी अपने रणनीतिक कौशल और अनुशासन से टीम को विजेता बनाती रही।
फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और संजू सैमसन ने शानदार अर्धशतक लगाए। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। जसप्रीत बुमराह ने चार विकेट लिए और न्यूजीलैंड की टीम को 159 रन पर सिमटा दिया। बुमराह को प्लेयर ऑफ द मैच और संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। टी20 वर्ल्ड कप 2026 की यह जीत भारतीय क्रिकेट के इतिहास में यादगार रहेगी।
Location : New Delhi
Published : 9 March 2026, 11:10 AM IST