New Delhi: आईपीएल सीजन 18 के खत्म होते ही संजू सैमसन क्रिकेट जगत में सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। खबरों के मुताबिक, संजू अब राजस्थान रॉयल्स की टीम से अलग होना चाहते हैं। इस खबर ने कई फ्रेंचाइजी को अलर्ट कर दिया है। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) जैसे बड़े फ्रेंचाइजी पहले ही उनके संपर्क में बताए जा रहे थे। लेकिन अब उनकी एक पुरानी टीम भी इस रेस में शामिल हो गई है, और यह टीम उन्हें बतौर कप्तान लाने की योजना बना रही है।
संजू की फिर होगी पुरानी टीम में एंट्री?
राजस्थान रॉयल्स पर जब आईपीएल में कुछ समय के लिए बैन लगा था, तब संजू सैमसन ने दो सीजन तक दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेला था। अब मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली कैपिटल्स एक बार फिर संजू को अपनी टीम में लाने में दिलचस्पी दिखा रही है। अगर संजू सैमसन मेगा ऑक्शन में उतरते हैं, तो दिल्ली की फ्रेंचाइजी उन्हें हर हाल में अपनी टीम में शामिल करना चाहेगी।
दिल्ली को चाहिए नया कप्तान
दिल्ली कैपिटल्स ने पिछले साल ऑलराउंडर अक्षर पटेल को कप्तानी की जिम्मेदारी दी थी। हालांकि, शुरुआती कुछ मैचों में टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया, लेकिन सीजन के अंत तक टीम की गिरती फॉर्म ने उन्हें प्लेऑफ की दौड़ से बाहर कर दिया। ऐसे में अब खबरें आ रही हैं कि फ्रेंचाइजी आईपीएल 2026 से पहले अपना कप्तान बदलना चाहती है। अक्षर पटेल टीम में बतौर सीनियर खिलाड़ी तो बने रहेंगे, लेकिन कप्तानी किसी और को सौंपी जा सकती है।
सैमसन बन सकते हैं कप्तान
दिल्ली कैपिटल्स अब अपनी टीम की कमान एक अनुभवी और आक्रामक सोच वाले कप्तान को देना चाहती है। ऐसे में संजू सैमसन का नाम सबसे आगे चल रहा है। संजू सैमसन की कप्तानी में राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2022 का फाइनल खेला था, जो उनकी नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है। अगर दिल्ली उन्हें ऑक्शन में खरीदती है, तो उन्हें टीम का अगला कप्तान बनाए जाने की पूरी संभावना है।
नजरे अब मेगा ऑक्शन पर
आईपीएल 2026 के मेगा ऑक्शन से पहले फ्रेंचाइज़ियों की रणनीति बननी शुरू हो गई है। संजू सैमसन जैसे स्टार खिलाड़ी के मूवमेंट पर सभी की नजरें टिकी हैं। क्या वह वाकई राजस्थान छोड़ेंगे? क्या दिल्ली उन्हें कप्तानी सौंपेगी? आने वाले महीनों में इसका जवाब मिल जाएगा।

