हिंदी
थैमसिन न्यूटन (Img: Internet)
New Delhi: न्यूजीलैंड की अनुभवी ऑलराउंडर थैमसिन न्यूटन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। 30 वर्षीय थैमसिन ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों को अलविदा कह दिया है। अब वह कीवी टीम का हिस्सा नहीं होंगी। न्यूटन ने अपने करियर में कई यादगार प्रदर्शन किए, हालांकि वह लंबे समय से राष्ट्रीय टीम से बाहर चल रही थीं।
थैमसिन न्यूटन आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2016 में न्यूजीलैंड टीम का हिस्सा थीं। उस टूर्नामेंट में कीवी टीम सेमीफाइनल तक पहुंची थी, लेकिन वेस्टइंडीज से करीबी मुकाबले में 6 रन से हार गई। इस हार के साथ न्यूजीलैंड का खिताब जीतने का सपना अधूरा रह गया।
2016 में पाकिस्तान महिला टीम के खिलाफ न्यूटन ने एक यादगार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट झटके थे। इस प्रदर्शन से उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान बनाई। इसके अलावा उन्होंने घरेलू स्तर पर भी कई शानदार उपलब्धियां हासिल कीं।
थैमसिन न्यूटन ने हॉलिबर्टन जॉनस्टोन शील्ड जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में वेलिंगटन की ओर से खेलते हुए कई बार जीत हासिल की। उन्होंने सुपर स्मैश लीग में भी वेलिंगटन का प्रतिनिधित्व किया और इस टूर्नामेंट में अपनी टीम को चार बार चैंपियन बनाने में योगदान दिया। घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन लगातार मजबूत रहा, जिससे उन्होंने घरेलू दर्शकों के बीच लोकप्रियता पाई।
हालांकि न्यूटन ने ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेले, लेकिन जब भी उन्हें मौका मिला, उन्होंने टीम के लिए उपयोगी योगदान दिया। उन्होंने 2015 में न्यूजीलैंड के लिए डेब्यू किया था। अपने करियर में उन्होंने कुल 10 वनडे मैच खेले, जिनमें 11 विकेट चटकाए। वहीं 15 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उन्होंने 9 विकेट लिए।
न्यूटन साल 2017 और 2018 में ऑस्ट्रेलिया की महिला बिग बैश लीग (WBBL) का हिस्सा भी रहीं। हालांकि इस टूर्नामेंट में वह ज्यादा प्रभाव नहीं छोड़ सकीं। उन्होंने 14 मैचों में 9 पारियों में गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट हासिल किए।
थम्सिन ने न्यूजीलैंड के लिए आखिरी वनडे 2017 में पाकिस्तान के खिलाफ और आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच 2021 में इंग्लैंड के खिलाफ खेला था। लंबे समय से टीम से बाहर रहने के बाद उन्होंने अब संन्यास का फैसला लिया है। उनके इस फैसले के साथ ही एक और अनुभवी महिला क्रिकेटर के अंतरराष्ट्रीय सफर का अंत हो गया।
Location : New Delhi
Published : 10 August 2025, 4:05 PM IST