आईपीएल के बीच राजस्थान रॉयल्स में बड़ा बदलाव, मित्तल परिवार और अदार पूनावाला बने नए मालिक

आईपीएल 2026 के बीच राजस्थान रॉयल्स की मालिकाना हिस्सेदारी में बड़ा बदलाव हुआ है। मित्तल परिवार और अदार पूनावाला ने टीम में बड़ी हिस्सेदारी खरीद ली है। करोड़ों की इस डील के बाद राजस्थान रॉयल्स के साथ SA20 और CPL की टीमें भी नए मालिकाना ढांचे में शामिल हो सकती हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 3 May 2026, 3:49 PM IST

New Delhi : आईपीएल (IPL) के रोमांच के बीच राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) को लेकर बड़ी कारोबारी हलचल देखने को मिली है। जहां मैदान पर खिलाड़ी रन और विकेट के लिए जंग लड़ रहे हैं, वहीं टीम के मालिकाना हक को लेकर बड़ा सौदा तय हो गया है। स्टील इंडस्ट्री के दिग्गज मित्तल परिवार और सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के मालिक अदार पूनावाला ने राजस्थान रॉयल्स में बड़ी हिस्सेदारी खरीदकर फ्रेंचाइजी के भविष्य की दिशा बदल दी है।

राजस्थान रॉयल्स में किसकी कितनी हिस्सेदारी

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, राजस्थान रॉयल्स की लगभग 93 प्रतिशत हिस्सेदारी अब नए निवेशकों के पास चली गई है। इसमें मित्तल परिवार ने करीब 75 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी है, जबकि अदार पूनावाला ने लगभग 18 प्रतिशत शेयर अपने नाम किए हैं।

लक्ष्मी एन मित्तल और आदित्य मित्तल इस डील के जरिए टीम के सबसे बड़े हिस्सेदार बन गए हैं। वहीं टीम के मौजूदा मालिक मनोज बदाले और अन्य साझेदारों के पास करीब 7 प्रतिशत हिस्सेदारी बनी रहेगी। बताया जा रहा है कि मनोज बदाले टीम से जुड़े रहेंगे और फ्रेंचाइजी के संचालन में उनकी भूमिका जारी रहेगी।

कितने करोड़ में हुई डील

राजस्थान रॉयल्स से जुड़ी यह डील काफी बड़ी मानी जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह सौदा करीब 1.65 बिलियन डॉलर यानी लगभग 15,600 करोड़ रुपये में तय हुआ है। आईपीएल इतिहास में यह बड़ी कारोबारी डील मानी जा रही है।

आईपीएल में हार से टूटा रियल एस्टेट का कारोबारी, 11वीं मंजिल से लगाई मौत की छलांग

इस डील का असर सिर्फ राजस्थान रॉयल्स तक सीमित नहीं रहेगा। इसके तहत दक्षिण अफ्रीका की SA20 लीग में खेलने वाली पार्ल रॉयल्स और कैरेबियन प्रीमियर लीग की बारबाडोस रॉयल्स टीम भी नए मालिकाना ढांचे का हिस्सा बनेंगी।

अभी मंजूरी मिलना बाकी

हालांकि इस बड़े सौदे को अभी पूरी तरह अंतिम मंजूरी नहीं मिली है। फिलहाल इस डील को बीसीसीआई, आईपीएल गवर्निंग काउंसिल, कंपीटिशन काउंसिल ऑफ इंडिया और अन्य नियामक संस्थाओं की मंजूरी मिलना बाकी है।

बताया जा रहा है कि सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद यह सौदा वित्तीय वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही तक पूरा हो सकता है।

पहले भी हुई थी कोशिश

इससे पहले अमेरिका स्थित एक कंसोर्टियम ने राजस्थान रॉयल्स को खरीदने के लिए 1.63 बिलियन डॉलर का प्रस्ताव दिया था। लेकिन जांच प्रक्रिया में कुछ तकनीकी और वित्तीय कारणों से वह डील पूरी नहीं हो सकी। अब नए निवेशकों के साथ टीम का नया अध्याय शुरू होने की तैयारी है।

Location :  New Delhi

Published :  3 May 2026, 3:49 PM IST