
बैद्यनाथ के दरबार में पहुंचे ईशान किशन
देवघर: क्रिकेट के मैदान पर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से पहचान बनाने वाले टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर ईशान किशन शुक्रवार सुबह बाबा बैद्यनाथ के दरबार में पहुंचे। उन्होंने द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल बाबा बैद्यनाथ के मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और अपने क्रिकेट करियर में बेहतर प्रदर्शन के लिए आशीर्वाद मांगा। ईशान के मंदिर पहुंचने की खबर फैलते ही प्रशंसकों में उत्साह देखने को मिला। उनकी एक झलक पाने के लिए मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में लोग जुट गए।
बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचने पर पंडा समाज ने ईशान किशन का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। इसके बाद मंदिर के गर्भगृह में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई गई। ईशान ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
गर्भगृह में विधि-विधान से की पूजा
ईशान किशन ने बाबा बैद्यनाथ से अपने क्रिकेट करियर में बेहतर प्रदर्शन और भारतीय क्रिकेट टीम में बेहतर मुकाम हासिल करने की प्रार्थना की। क्रिकेट के व्यस्त कार्यक्रमों के बीच उनकी यह धार्मिक यात्रा प्रशंसकों के बीच भी चर्चा का विषय बन गई।
पूजा-अर्चना के बाद ईशान किशन मीडिया से मुखातिब हुए। इस दौरान उन्होंने बाबा बैद्यनाथ के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। उन्होंने देवघरवासियों समेत समस्त देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि बाबा बैद्यनाथ की कृपा सभी पर बनी रहे और सभी की मनोकामनाएं पूरी हों।
स्टार क्रिकेटर के मंदिर पहुंचने की सूचना मिलते ही प्रशंसकों की भीड़ जुट गई। हर कोई अपने पसंदीदा क्रिकेटर की एक झलक पाने और उनके साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए उत्सुक नजर आया।
ईशान किशन के आगमन को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं और प्रशंसकों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन और सुरक्षाकर्मी पूरी तरह मुस्तैद रहे। ईशान की धार्मिक यात्रा देवघर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रही।
Location : Deoghar
Published : 27 November 2026, 12:51 PM IST