चोट के कारण श्रीलंका टेस्ट सीरीज से बाहर हुए साई सुदर्शन, सरफराज खान को मिल सकता है बड़ा मौका

श्रीलंका दौरे से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। फिटनेस टेस्ट पास न कर पाने के कारण युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह स्टार बल्लेबाज सरफराज खान की टीम इंडिया में वापसी हो सकती है। इसके अलावा कप्तान शुभमन गिल और जसप्रीत बुमराह समेत कई खिलाड़ी चोटिल हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 9 August 2026, 4:45 PM IST

New Delhi: भारतीय टीम इस समय फिटनेस और चोट की गंभीर समस्याओं से जूझ रही है। श्रीलंका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज से पहले युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन फिटनेस टेस्ट पास करने में असफल रहे हैं, जिसके चलते वह इस दौरे से बाहर हो गए हैं। इस समय वह बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। हालांकि उन्होंने बल्लेबाजी और फील्डिंग का अभ्यास शुरू कर दिया है, लेकिन 15 अगस्त से गॉल में शुरू होने वाले पहले टेस्ट तक उनके पूरी तरह फिट होने की उम्मीद काफी कम है। सुदर्शन टीम के साथ श्रीलंका रवाना भी नहीं हुए थे, जिस वजह से वह कोलंबो में श्रीलंका क्रिकेट XI के खिलाफ चल रहे तीन दिवसीय अभ्यास मैच का हिस्सा नहीं बन सके।

सरफराज खान की हो सकती है टीम में वापसी

साई सुदर्शन के बाहर होने के बाद उनके रिप्लेसमेंट को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। बीसीसीआई सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, इस रेस में सरफराज खान का नाम सबसे आगे चल रहा है और उनकी टीम में वापसी की पूरी संभावना है। आपको बता दें कि सरफराज ने भारत के लिए अपना आखिरी टेस्ट मुकाबला नवंबर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में खेला था। उस समय टीम के भीतर कुछ अनबन की खबरें भी सामने आई थीं जिनमें उनका नाम भी चर्चा में था। अब एक नए अवसर के साथ वह एक बार फिर भारतीय टेस्ट स्क्वॉड से जुड़ सकते हैं।

Indian Women Cricket Team: भारत ने इंग्लैंड को पहले वनडे में हराया, दीप्ति और जेमिमा की साझेदारी ने पलटी तस्वीर

कप्तान शुभमन गिल समेत कई प्रमुख खिलाड़ी चोटिल

श्रीलंका सीरीज से पहले भारतीय खेमे में फिटनेस एक बड़ा सिरदर्द बन गया है। कप्तान शुभमन गिल को भी अभ्यास सत्र के दौरान दाएं हाथ की रिंग फिंगर में चोट लग गई है। एहतियात के तौर पर वह अभ्यास मैच के पहले दिन मैदान पर नहीं उतरे, और उनकी गैरमौजूदगी में केएल राहुल टीम की कमान संभाल रहे हैं। इसके अलावा स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान लगी बाएं घुटने की चोट से पूरी तरह नहीं उबर पाने के कारण बाहर हो चुके हैं। बुमराह की जगह चयनकर्ताओं ने जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को टीम में शामिल किया है।

Indian Women’s Hockey Team: भारतीय महिला टीम की ड्रैग फ्लिकर के लिये रूपिंदर का मंत्र ‘फर्स्ट रशर’ को पछाड़ो

अन्य खिलाड़ियों की अनुपस्थिति और WTC समीकरण

चोटिल खिलाड़ियों की सूची काफी लंबी होती जा रही है। हर्षित राणा हैमस्ट्रिंग की समस्या और नीतीश कुमार रेड्डी क्वाड्रिसेप्स की चोट के कारण चयन के लिए उपलब्ध नहीं हैं। साथ ही, वॉशिंगटन सुंदर भी हैमस्ट्रिंग की वजह से पहले टेस्ट से बाहर हैं और आकाश दीप पीठ के स्ट्रेस रिएक्शन से उबर रहे हैं। यह पूरी सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 चक्र का अहम हिस्सा है। शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम फिलहाल 9 मैचों में 4 जीत, 4 हार और 1 ड्रॉ के साथ 48.150 पॉइंट्स परसेंटेज (PCT) लेकर डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में पांचवें पायदान पर है।

Location :  New Delhi

Published :  9 August 2026, 4:45 PM IST