‘वर्ल्ड कप फिक्स है?’ इस आरोप पर क्या बोल गए स्कालोनी, मेसी की फिटनेस को लेकर भी कर दिया बड़ा खुलासा

स्विट्जरलैंड के खिलाफ क्वार्टर फाइनल से पहले अर्जेंटीना के कोच लियोनल स्कालोनी ने 'वर्ल्ड कप फिक्स' के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि आलोचनाएं टीम को और मजबूत बनाती हैं। उन्होंने लियोनल मेसी को पूरी तरह फिट बताया और उन पर पूरा भरोसा जताया।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 11 July 2026, 2:38 PM IST

New Delhi: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में स्विट्जरलैंड से मुकाबले से पहले अर्जेंटीना के मुख्य कोच लियोनल स्कालोनी ने टीम पर लग रहे 'वर्ल्ड कप फिक्स' और पक्षपात के आरोपों पर पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इन आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया और कहा कि ऐसी आलोचनाएं टीम को कमजोर नहीं बल्कि और मजबूत बनाती हैं। साथ ही उन्होंने कप्तान लियोनल मेसी की फिटनेस को लेकर भी बड़ा अपडेट दिया।

'आलोचनाएं हमें और मजबूत बनाती हैं'

राउंड ऑफ-16 में मिस्र के खिलाफ अर्जेंटीना ने 0-2 से पिछड़ने के बाद 3-2 से रोमांचक जीत दर्ज की थी। इसके बाद विरोधी टीम और कुछ आलोचकों ने टूर्नामेंट को अर्जेंटीना के पक्ष में "फिक्स" होने का आरोप लगाया। इस पर स्कालोनी ने कहा कि कुछ लोग नहीं चाहते कि अर्जेंटीना लगातार दूसरा विश्व कप जीते, लेकिन उनकी टीम ऐसी आलोचनाओं को प्रेरणा के रूप में लेती है।

उन्होंने कहा कि 1986 के विश्व कप के दौरान भी अर्जेंटीना पर इसी तरह के आरोप लगे थे और यह टीम के लिए कोई नई बात नहीं है।

VAR को लेकर भी दिया जवाब

रेफरिंग और VAR को लेकर उठ रहे सवालों पर स्कालोनी ने कहा कि आधुनिक तकनीक के दौर में किसी टीम को फायदा पहुंचाना बेहद मुश्किल है। उनके अनुसार, टूर्नामेंट शुरू होने से पहले सभी टीमों को VAR के नियम स्पष्ट रूप से समझाए गए थे और मैचों में उन्हीं नियमों का पालन किया जा रहा है।

मेसी पूरी तरह फिट, किसी तरह की चिंता नहीं

अर्जेंटीना के कप्तान लियोनल मेसी की फिटनेस पर चल रही चर्चाओं को भी स्कालोनी ने खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि मेसी पूरी तरह फिट हैं और उनके वर्कलोड में कोई बदलाव नहीं किया गया है। स्कालोनी ने बताया कि मेसी ने अपने फिटनेस कोच के साथ शानदार तैयारी की है और वह मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहे हैं।

इस विश्व कप में मेसी अब तक आठ गोल कर चुके हैं और गोल्डन बूट की दौड़ में फ्रांस के कप्तान किलियन एम्बाप्पे के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर बने हुए हैं।

Hamirpur: ‘उस’ वीडियो में ऐसा क्या था? जानिए सुमेरपुर CHC के डॉक्टर का वीडियो वायरल होते ही क्यों बुलानी पड़ी पुलिस?

पेनल्टी और पोजीशन चुनने की पूरी आजादी

स्कालोनी ने कहा कि दो पेनल्टी चूकने के बावजूद मेसी पर उनका पूरा भरोसा कायम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेनल्टी लेना या मैदान पर अपनी पोजीशन तय करना पूरी तरह मेसी का फैसला होता है। पूरी टीम उनके खेल के अनुसार खुद को ढाल लेती है।

कोच ने यह भी माना कि यह मेसी का आखिरी विश्व कप हो सकता है, इसलिए टीम चाहती है कि यह सफर यादगार बने।

Location :  New Delhi

Published :  11 July 2026, 2:38 PM IST