
रोमांच के चरम पर कोलंबो टेस्ट (Img: X)
New Delhi: भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट का चौथा दिन बारिश के कारण समय से पहले खत्म हो गया। श्रीलंका ने फॉलोऑन खेलने के बाद दूसरी पारी में छह विकेट पर 229 रन बना लिए हैं। टीम इंडिया को पहली पारी में 213 रन की बढ़त मिली थी, ऐसे में श्रीलंका अब भारत से 16 रन आगे है। आखिरी दिन भारतीय टीम की नजर श्रीलंका के बाकी चार विकेट जल्दी निकालकर मैच और सीरीज अपने नाम करने पर होगी।
भारत ने पहली पारी में 503/9 रन बनाकर पारी घोषित की थी। इसके जवाब में श्रीलंका की पहली पारी 290 रन पर सिमट गई थी। इस तरह भारत को 213 रन की बढ़त मिली और श्रीलंका को फॉलोऑन खेलना पड़ा।
श्रीलंका की दूसरी पारी की शुरुआत खराब रही और 63 रन तक टीम ने दो विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद पसिंदु सूरियाबंदारा और कामिंदु मेंडिस ने तीसरे विकेट के लिए 115 रन की साझेदारी कर टीम को संकट से बाहर निकाला। मेंडिस ने 55 रन बनाए, जबकि सूरियाबंदारा 92 रन बनाकर आउट हुए। भारत को प्रसिद्ध कृष्णा ने महत्वपूर्ण सफलता दिलाई। उन्होंने मेंडिस को शॉर्ट पिच गेंद से परेशान किया और वह शुबमन गिल को कैच दे बैठे।
चायकाल तक श्रीलंका ने तीन विकेट पर 199 रन बना लिए थे और पारी की हार से बचने के लिए उसे केवल 14 रन की जरूरत थी। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने शानदार वापसी की। मानव सुथार ने धनंजय डी सिल्वा को आउट किया। इसके बाद सूरियाबंदारा 92 रन पर स्टंप आउट हो गए। सरांश जैन ने नीरोजन डिकवेला को एलबीडब्ल्यू कर श्रीलंका को छठा झटका दिया
भारत के पास श्रीलंका की पारी समाप्त करने के लिए करीब एक घंटे का समय था, लेकिन शाम 4:37 बजे तेज बारिश शुरू हो गई। इसके बाद खराब मौसम के कारण खेल दोबारा शुरू नहीं हो सका। स्टंप्स तक श्रीलंका ने 72.4 ओवर में छह विकेट पर 229 रन बनाए।
ये भी पढ़े: India Vs Sri Lanka: भारत ने श्रीलंका को हरा कर किया खिताब पर कब्जा, जानिये कैसे हुई इंडिया की जीत
दिन की शुरुआत श्रीलंका के लिए अच्छी रही। सोनल दिनूषा ने अपनी पारी को आगे बढ़ाते हुए शतक पूरा किया। उन्होंने 85 रन से आगे खेलते हुए प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर शानदार पुल शॉट के जरिए अपना शतक पूरा किया। यह सीरीज में उनका दूसरा शतक है।
अब श्रीलंका के चार विकेट बाकी हैं और वह भारत से 16 रन आगे है। भारतीय टीम अगर शुरुआती सत्र में बाकी विकेट हासिल कर लेती है तो उसके सामने लक्ष्य बहुत बड़ा नहीं होगा। वहीं श्रीलंका के लिए दिनूषा और निचले क्रम के बल्लेबाज बढ़त को बड़ा करने की कोशिश करेंगे। ऐसे में टेस्ट का आखिरी दिन बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।
Location : New Delhi
Published : 26 August 2026, 6:33 PM IST
Topics : Colombo Test Colombo Test Day 4 India Sri Lanka Test India vs Sri Lanka Indian Cricket Team