
गोंडा से वापस लौटीं विनेश फौगाट
Ayodhya: गोंडा के नंदिनीनगर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित सीनियर नेशनल ओपेन रैंकिंग कुश्ती प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने सोमवार को पहुंची हरियाणा की मशहूर महिला रेसलर विनेश फोगाट को पंजीकरण न होने से वापस लौटना पड़ा। भारतीय कुश्ती संघ की तरफ से जारी नोटिस का संतोषजनक जवाब न मिलने के कारण उनका पंजीकरण नहीं हो सका।
विनेश फोगाट सोमवार को रामनगरी अयोध्या पहुंचीं। गोंडा के नंदिनीनगर में आयोजित नेशनल ओपन रेसलिंग रैंकिंग टूर्नामेंट में शामिल होने से पहले उन्होंने रामलला और हनुमंत लला के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
अयोध्या पहुंचने पर मीडिया से बातचीत में विनेश फोगाट ने कहा कि प्रभु राम ने आशीर्वाद देने के लिए बुलाया है, मैं रामलला का आशीर्वाद लेकर नंदिनीनगर जाऊंगी।
अपने ऊपर लगे प्रतिबंध के सवाल पर विनेश ने कहा कि देखा जाएगा, खेलती हूं कि नहीं खेलती हूं। वहीं सोशल मीडिया पर शायरी अंदाज में किए गए पोस्ट को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि जो कुछ भी चल रहा है, वह सबके सामने है और वह लगातार मेहनत कर रही हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि रामलला की धरती पर आने से उनकी मनोकामना जरूर पूरी होगी और वह देश के लिए मेडल जीतना चाहती हैं। कारण बताओ नोटिस को लेकर विनेश फोगाट ने कहा कि उन्हें जवाब देने का मौका मिला है और वह अपना पक्ष रखेंगी।
वहीं कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह के कॉलेज में प्रतियोगिता होने पर उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेना उनके लिए मानसिक रूप से काफी कठिन है, लेकिन खिलाड़ी को वहीं जाना पड़ता है जहां प्रतियोगिता आयोजित होती है।
Location : Ayodhya
Published : 11 May 2026, 8:12 PM IST
Topics : Ayodhya Gonda haryana female wrestler Vinesh Phogat