Virat Kohli: टेस्ट से संन्यास के बाद विराट और अनुष्का वृंदावन में; प्रेमानंद महाराज का लिया आशीर्वाद

विराट और अनुष्का सुबह 7:20 बजे इनोवा कार से आश्रम पहुंचे और करीब 2 घंटे 20 मिनट तक वहां रुके। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज़ की यह खास रिपोर्ट

Post Published By: Growthreiki
Updated : 19 August 2025, 11:15 AM IST
google-preferred

मथुरा: भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा के अगले ही दिन मंगलवार सुबह उत्तर प्रदेश के मथुरा स्थित पवित्र नगरी वृंदावन में अध्यात्म की शरण ली। वह पत्नी अनुष्का शर्मा के साथ प्रसिद्ध केली कुंज आश्रम पहुंचे और वहां संत प्रेमानंद महाराज से आशीर्वाद लिया।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, विराट और अनुष्का सुबह 7:20 बजे इनोवा कार से आश्रम पहुंचे और करीब 2 घंटे 20 मिनट तक वहां रुके। दोनों ने प्रेमानंद महाराज से लगभग 15 मिनट तक निजी वार्ता की और आश्रम परिसर में समय बिताया। दोनों ने मास्क पहन रखा था। यह विराट कोहली और अनुष्का का वृंदावन का तीसरा दौरा था। इससे पहले वे 4 जनवरी 2023 और 10 जनवरी 2025 को भी आश्रम आए थे। प्रेमानंद महाराज से मिलकर आध्यात्मिक चर्चा की थी।

कोहली ने पूछा था...

10 जनवरी 2025 की पिछली मुलाकात में विराट और अनुष्का अपने बच्चों के साथ पहुंचे थे। तब विराट ने महाराज से प्रश्न किया था कि असफलता में हमें कैसे रहना चाहिए? इस पर प्रेमानंद महाराज ने उत्तर दिया था कि अभ्यास जारी रखें, जीत निश्चित है। अपने अभ्यास को निरंतर और नियंत्रण में रखते हुए आगे बढ़ें। जैसे मेरे लिए नाम जप एक साधना है, वैसे ही आपके लिए क्रिकेट साधना है। बीच-बीच में भगवान का नाम लेते रहें। उन्होंने कहा था कि असफलता में धैर्य रखना ही सबसे कठिन साधना है। सफलता के समय जो सम्मान मिलता है। वह असफलता में नहीं मिलता, लेकिन यही समय आत्मचिंतन और भक्ति का सबसे बड़ा अवसर होता है।

अनुष्का ने मांगी थी प्रेम भक्ति

उसी दिन अनुष्का ने प्रेमानंद महाराज से कहा था कि मुझे प्रेम भक्ति दे दो आप बस। इस पर महाराज ने उत्तर दिया कि हमें लगता है भक्ति का आप पर विशेष प्रभाव पड़ेगा। भक्ति के ऊपर कुछ नहीं है। अनुष्का ने बताया था कि पिछली मुलाकात में वे अपने मन की बात पूछ नहीं पाई, लेकिन उनके सवालों का जवाब किसी न किसी माध्यम से मिल गया। इस पर महाराज ने कहा कि श्रीजी वो व्यवस्था कर देती हैं।

बेटी वामिका भी साथ थी

विराट और अनुष्का ने पहली बार 4 जनवरी 2023 को प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की थी। उस समय बेटी वामिका भी उनके साथ थीं। अनुष्का की गोद में खेलती वामिका आश्रम परिसर में देखी गई थी। इस मौके पर आश्रम की ओर से अनुष्का को चुनरी और वामिका को माला पहनाई गई थी।

कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से लिया संन्यास

सोमवार को विराट कोहली ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की। उन्होंने लिखा, “टेस्ट क्रिकेट ने मेरी परीक्षा ली। मुझे आकार दिया और ऐसे पाठ सिखाए जो जिंदगी भर मेरे साथ रहेंगे। सफेद जर्सी में खेलना मेरे लिए बहुत ही खास अनुभव था। मैंने इसमें अपना सबकुछ दिया है और इसने मुझे मेरी उम्मीद से कहीं ज्यादा दिया है।”

विराट ने 123 टेस्ट मैच खेले

विराट ने अपने करियर में 123 टेस्ट मैच खेले। जिनमें उन्होंने 30 शतक, 31 अर्धशतक और 7 दोहरे शतक लगाए। वह वर्ष 2017 और 2018 में ICC टेस्ट प्लेयर ऑफ द ईयर भी चुने गए थे। विराट कोहली भले ही टेस्ट में ICC खिताब न जीत पाए हों, लेकिन बतौर कप्तान उनका रिकॉर्ड शानदार रहा। उन्होंने घरेलू मैदान पर सभी 11 टेस्ट सीरीज जीतीं, जो किसी भी भारतीय कप्तान से बेहतर है। धोनी और रोहित शर्मा की कप्तानी में जहां भारत को घरेलू टेस्ट में हार झेलनी पड़ी। वहीं विराट का नेतृत्व इस मोर्चे पर अडिग रहा।

Location : 

Published :